Page Loader
उत्तर प्रदेश: बागपत में मॉर्निंग वॉक के लिए निकले भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या

उत्तर प्रदेश: बागपत में मॉर्निंग वॉक के लिए निकले भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या

Aug 11, 2020
12:07 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और बागपत के स्थानीय नेता संजय खोखर की मंगलवार सुबह उनके खेतों के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई है। खोखर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, तभी तीन अज्ञात हमलवार उनको गोली मारकर फरार हो गए। छपरौली इलाके में हुई घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ खोखर का शव बरामद किया। भाजपा नेता की हत्या की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है।

जांच

मुख्यमंत्री ने दिए 24 घंटों में विधिक कार्रवाई के आदेश

भाजपा नेता की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत बड़े अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। घटना को लेकर स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष है। बीते दो महीनों में इस इलाके में यह तीसरी हत्या है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना की जानकारी ली है। उन्होंने हत्या की जांच कर अगले 24 घंटों में दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

घटना

खोखर को मारी गई चार गोलियां

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि छपरौली इलाके के तिलवाड़ा गांव के रहने वाले 52 वर्षीय खोखर मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर एक खेत के पास पहले से घात लगाकर बैठे तीन बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हत्यारों की तलाश शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि खोखर को चार गोलियां लगी हैं।

जानकारी

तीन साल तक भाजपा के जिलाध्यक्ष रहे थे संजय खोखर

गौरतलब है कि संजय खोखर तीन साल तक बागपत में भाजपा के जिलाध्यक्ष रहे थे। उनके कार्यकाल में ही भाजपा ने बड़ौत और बागपत विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

कार्रवाई

छपलौरी के प्रभारी निरीक्षक निलंबित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खोखर की मौत पर दुख जताते हुए उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। दूसरी तरफ छपरौली के प्रभारी निरीक्षक को भी निलंबित कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश DGP ने ट्वीट किया, 'जनपद बागपत में पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष श्री संजय खोखर की हत्या के दृष्टिगत एवं अपराधों को रोक पाने में असफल रहने के कारण प्रभारी निरीक्षक छपरौली को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।'

अपराध

जून में हुई थी भाजपा नेता के बेटे की हत्या

सोशल मीडिया पर भी इस घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि खेतों के बीच एक मार्ग पर खोखर का खून से लथपथ शव पड़ा है और स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी वहां मौजूद हैं। बागपत में यह पहली घटना नहीं है जब अपराधियों ने किसी नेता को निशाना बनाया है। बीते जून महीने में इसी जिले में एक और भाजपा नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।