LOADING...
भाजपा नेता ज्ञानदेवा आहूजा ने रावण-सूर्पनखा से की राहुल-प्रियंका की तुलना

भाजपा नेता ज्ञानदेवा आहूजा ने रावण-सूर्पनखा से की राहुल-प्रियंका की तुलना

Mar 27, 2019
07:24 pm

क्या है खबर?

चुनावी दौर में विवादित बयानों का दौर थम नहीं रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के नेता ज्ञानदेव आहूजा ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तुलना रावण और सूर्पनखा से कर डाली। बता दें कि आहूजा अपने विवादित बयानों के लिए पहले भी खबरों में रहे हैं। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में देश विरोधी नारे लगने के समय उन्होंने विश्वविद्यालय में 3,000 कंडोम मिलने की बात कहकर विवाद खड़ा कर दिया था।

विवादित बोल

'जैसे सूर्पनखा ने रावण की मदद की, वैसे राहुल की मदद कर रही हैं प्रियंका'

राजस्थान भाजपा के उपाध्यक्ष आहूजा ने मंगलवार को अलवर के मुंडा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा, "हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, पहला युग सतयुग था जिसमें हिरण्यकश्यप ने मुसीबत के समय अपनी बहन होलिका की मदद ली। त्रेतायुग में रावण ने सूर्पनखा की मदद ली।" उन्होंने आगे कहा, "इसी तरह कलयुग में बाबा राहुल गांधी मुसीबत की घड़ी में अपनी बहन प्रियंका गांधी की मदद ले रहा है।"

बयान

'प्रधानमंत्री मोदी ने किया राहुल-प्रियंका को मंदिर जाने पर मजबूर'

आहूजा ने कहा, "मुझे ज्यादा कहने की जरूरत नहीं है, लेकिन हमें पता है कि होलिका और सूर्पनखा का क्या हुआ।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी है कि राहुल और प्रियंका को मंदिर जाने पर मजूबर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, "जो परिवार नास्तिक था, वह अब राजनीति के लिए आस्तिक बन रहा है। लेकिन जनता उनके जाल में नहीं फंसेगी।" राजस्थान में 29 अप्रैल और 6 मई को मतदान होना है।

Advertisement

बयान

JNU विवाद के समय ज्ञानदेव आहूजा का विवादित बयान

JNU विवाद के समय आहूजा ने दावा किया था कि JNU से 3,000 उपयोग किए गए कॉन्डोम, 10,000 सिगरेट और 2,000 शराब की बोतलें रोजाना बरामद होती हैं। उन्होंने कहा था कि JNU छात्र रात 8 बजे के बाद ड्रग्स लेते हैं।

Advertisement

अनंत कुमार हेगड़े

केंद्रीय मंत्री ने भी दिया था राहुल पर विवादित बयान

अन्य भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने भी हाल ही में राहुल गांधी पर बेहद विवादित बयान दिया था। उन्होंने राहुल के हिंदू होने पर सवाल खड़े करते हुए कहा था, "क्या एक मुस्लिम का बेटा यह सबूत दे सकता है कि वह गांधी (ब्राह्मण) कैसे बना? क्या मुस्लिम पिता और ईसाई मां की संतान यह बाहरी व्यक्ति इस बात का सबूत दे सकता है कि वह ब्राह्मण कैसे बना? क्या वह DNA सबूत देगा?"

Advertisement