Page Loader
ओडिशा में अलग-अलग चुनाव लड़ेंगी भाजपा और BJD, गठबंधन की बातचीत पर विराम
ओडिशा में गठबंधन को लेकर नहीं बन पाई बात

ओडिशा में अलग-अलग चुनाव लड़ेंगी भाजपा और BJD, गठबंधन की बातचीत पर विराम

Mar 09, 2024
09:25 am

क्या है खबर?

ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बीजू जनता दल (BJD) अलग-अलग चुनाव लड़ सकती हैं। बताया जा रहा है कि भुवनेश्वर और पुरी लोकसभा सीट पर सहमति न बन पाने के कारण दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की बातचीत असफल हो गई है। इसके बाद कयास हैं कि दोनों पार्टियों अपने-अपने दम पर लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में दोनों पार्टियों के साथ आने को लेकर बातचीत चल रही थी।

बयान

भाजपा ने दिए अलग चुनाव लड़ने के संकेत

शुक्रवार को ओडिशा भाजपा के प्रमुख मनमोहन सामल और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संकेत दिया कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 147 विधानसभा और 21 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। सामल ने कहा कि गठबंधन पर कोई बातचीत नहीं हुई और भाजपा अकेली चुनाव में उतरेगी। उन्होंने कहा कि वो शीर्ष नेतृत्व के साथ आगामी चुनाव की तैयारियों पर बातचीत के लिए दिल्ली गए थे। बैठक में किसी पार्टी के साथ गठबंधन की कोई चर्चा नहीं हुई।

चर्चा

गठबंधन को लेकर चल रही थी चर्चाएं

इससे पहले खबरें आई थीं कि ओडिशा में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की पार्टी 8 और भाजपा 13 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार उतार सकती है। इसी तरह दोनों पार्टियों मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। 5 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पटनायक ने एक रैली में सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे की तारीफ की थी। प्रधानमंत्री ने पटनायक को लोकप्रिय बताते हुए उनके पिता और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी थी।