Page Loader
बिहार: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जीतनराम मांझी के बेटे से एक विभाग वापस लिया
बिहार में नीतीश कुमार ने जीतनराम मांझी के बेटे से एक विभाग लिया

बिहार: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जीतनराम मांझी के बेटे से एक विभाग वापस लिया

लेखन गजेंद्र
Feb 27, 2025
02:53 pm

क्या है खबर?

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार करने के बाद गुरुवार को विभागों का बंटवारा किया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के बेटे संतोष सुमन से एक विभाग ले लिया है। अब उनके पास केवल एक विभाग बचा है। मांझी के बेटे के पास पहले सूचना प्रौद्योगिकी और लघु जल संसाधन विभाग था, अब उनके पास केवल लघु जल संसाधन विभाग है। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग कृष्ण कुमार मंटू को दिया गया है।

कैबिनेट

किसे कौन सा विभाग मिला?

नीतीश ने संजय सरावगी को राजस्व और भूमि सुधार विभाग, जीवेश मिश्रा को नगर विकास और आवास विकास, सुनील कुमार को वन और पर्यावरण विभाग, राजू सिंह को पर्यटन, मोतीलाल प्रसाद को कला और संस्कृति विभाग और विजय मंडल को आपदा प्रबंधन विभाग सौंपा गया है। इस बीच उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा का विभाग भी बदला गया है। उनके पास पहले पथ निर्माण विभाग था, जो नितीन नवीन को दिया गया है। अब सिन्हा के पास कृषि और खनन विभाग है।

राजनीति

बिहार में अब भाजपा के सबसे अधिक मंत्री

बिहार में विधानसभा सीटों के लिहाज से अधिकतम 36 मंत्री हो सकते हैं। पहले 7 मंत्री पद खाली थे। अब 7 विधायक के मंत्री बनने के बाद कोटा पूरा हो गया। बिहार में अब भाजपा के 21, जनता दल यूनाइटेड (JDU) के 13 और एक-एक मंत्री हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) और निर्दलीय हैं। नीतीश ने 7 विधायकों को मंत्री बनाकर राजपूत, भूमिहार, केवट, कुर्मी, कुशवाह, तेली और मारवाड़ी समाज को साधने की कोशिश की है।