Page Loader
बिहार: NDA ने 'छल' से जीता चुनाव, महागठबंधन बनाएगा सरकार- तेजस्वी यादव

बिहार: NDA ने 'छल' से जीता चुनाव, महागठबंधन बनाएगा सरकार- तेजस्वी यादव

Nov 12, 2020
06:34 pm

क्या है खबर?

बिहार विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि NDA ने 'छल' से चुनाव जीता है और अगर नीतीश कुमार में जरा भी नैतिकता बची है तो उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ देना चाहिए। इंडिया टुडे के अनुसार, पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने दावा किया कि महागठबंधन ही बिहार में सरकार बनाएगा।

डाटा

बिहार में क्या हैं समीकरण?

हाल ही में आए बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में 243 में से 125 सीटें जीतकर NDA को स्पष्ट बहुमत मिला है। वहीं महागठबंधन को 110 और अन्य को सात सीटें मिली हैं। सरकार बनाने के लिए 122 सीटें चाहिए।

समीक्षा

पार्टी में समीक्षा का दौर शुरू

बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आने के बाद अब महागठबंधन की हार को लेकर मंथन शुरू हो गया है। इसको लेकर गुरुवार को पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर महागठबंधन की समीक्षा बैठक हुई। इसमें तेजस्वी ने कहा कि चुनाव में जनता का फैसला उनके साथ था और यही महागठबंधन की जीत है। इस दौरान तेजस्वी यादव को महागठबंधन विधायक दल का नेता भी चुना गया।

बयान

महागठबंधन के पक्ष में था बिहार का जनादेश- तेजस्वी

बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में महागठबंधन के पक्ष में वोट करने के लिए जनता को धन्यवाद किया और कहा, "बिहार का जनादेश महागठबंधन के पक्ष में था, लेकिन चुनाव आयोग का नतीजा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पक्ष में था।" उन्होंने कहा कि 2015 में भी उनके पक्ष में फैसला आया था, लेकिन भाजपा चोर दरवाजे से सरकार में आ गई थी। उन्होंने चुनाव में गरीबी, मजदूर, शिक्षा, विकास का मसला उठाया था।

आरोप

नहीं की गई सभी डाक मत पत्रों की गिनती- तेजस्वी

तेजस्वी ने चुनावों को लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई करार देते हुए कहा कि EVM मतों की गिनती से पहले डाक मत पत्रों की गणना करने का नियम है, लेकिन राज्य में सभी डाक मत पत्रों की गिनती नहीं हुई। उन्होंने नियमावली से मतगणना के नियम पढ़ते हुए दावा किया कि यह नियमानुसार नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सीट पर गणनता दोपहर 3 बजे पूरी हो गई थी, लेकिन प्रमाण पत्र रात को दिया गया था।

अपील

नीतीश कुमार को जगानी चाहिए अपनी अंतरात्मा- तेजस्वी

तेजस्वी ने कहा कि भले ही नीतीश कुमार मुख्यमंत्री की सीट पर बैठे हों, लेकिन महागठबंधन लोगों के दिलों में जगह रखता है और यही महागठबंधन की जीत है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को अपनी अंतरात्मा जगानी चाहिए, अगर संन्यास ले रहे हैं तो जाते वक्त जनता की हाय नहीं लेनी चाहिए। तेजस्वी ने दावा किया कि उन्हें करीब 130 सीटें मिली हैं, अगर जरूरत पड़ती है तो वो कोर्ट भी जाने को तैयार है।

जानकारी

महागठबंधन निकालेगा धन्यवाद यात्रा- तेजस्वी

तेजस्वी ने ऐलान किया कि उनकी ओर से धन्यवाद यात्रा निकाली जाएगी। वह कहना चाहते हैं कि सरकार वालों के लिए चार दिन की चांदनी है। अगर जनवरी तक 19 लाख रोजगार और अन्य समस्याओं को नहीं सुलझाया गया तो महागठबंधन आंदोलन करेगा।

सवाल

दीपांकर भट्टाचार्य ने उठाए कांग्रेस पर सवाल

महागठबंधन की बैठक में शामिल हुए CPI (M-L) नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने नतीजों पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस का स्ट्राइक रेट काफी कमजोर रहा। 70 सीटों को संभालना कांग्रेस के लिए मुश्किल हो गया था। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को कम सीटें मिलतीं और वो सीटें राजद-लेफ्ट में आतीं तो नतीजा बेहतर होता। उन्होंने कहा कि वह हमेशा से ही बिहार में मौजूद थे, बस इस बार अधिक सीटें मिली हैं।

पार्टियों की स्थिति

किस पार्टी को मिली कितनी सीटें?

चुनाव में अलग-अलग पार्टियों की बात करें तो NDA में शामिल भाजपा ने 74 सीटें जीती और वह दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी। नीतीश कुमार की JDU 43 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब हुई। उसका प्रदर्शन पिछली बार के मुकाबले काफी खराब रहा है। महागठबंधन की राष्ट्रीय जनता दल (RJD) 75 सीटों के साथ इस बार सबसे बड़ी पार्टी बनी, जो पिछली बार के मुकाबले पांच कम हैं। कांग्रेस ने 19 और वामपंथी पार्टियों ने 17 सीटें जीती।