Page Loader
बिहार: भाजपा के कार्यक्रम में 'ईश्वर अल्लाह तेरो नाम' भजन पर विरोध, शाहनवाज हुसैन नाराज
बिहार में अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यक्रम में गांधी भजन का विरोध

बिहार: भाजपा के कार्यक्रम में 'ईश्वर अल्लाह तेरो नाम' भजन पर विरोध, शाहनवाज हुसैन नाराज

लेखन गजेंद्र
Dec 26, 2024
05:20 pm

क्या है खबर?

बिहार के पटना में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध लोक गायिका देवी ने महात्मा गांधी के लोकप्रिय भजन 'रघुपति राघव राजा राम' की पंक्तियां गाई तो उनका विरोध शुरू हो गया। सभागार के अंदर भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद देवी को भजन रोकना पड़ा और माफी मांगनी पड़ी। इस घटनाक्रम पर भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन और संजय पासवान ने कड़ी नाराजगी जताई है।

आपत्ति

शाहनवाज हुसैन और पासवान ने क्या कहा?

वाजपेयी के समय में उनकी कैबिनेट के सबसे युवा मंत्री रहे हुसैन ने कहा, "मैंने अपने संबोधन में अटल जी को उद्धृत किया था। वे कहते थे छोटे दिल से कोई बड़ा नहीं होता। भजन का विरोध असहिष्णुता की पराकाष्ठा है। मुझे बहुत शर्मिंदगी महसूस हुई।" वाजपेयी के समय मानव संसाधन राज्य मंत्री रहे संजय पासवान ने कहा, "भजन के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन अस्वीकार्य है, हम GLAD (गांधी, लोहिया, अंबेडकर, दीनदयाल) की विचारधाराओं को आत्मसात करने वाली दुनिया में हैं।"

विवाद

क्या है विवाद?

पटना के बापू सभागार में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने दिनकर शोध संस्थान के साथ मिलकर 'मैं अटल रहूंगा' कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें चौबे के अलावा वाजपेयी के प्रधानमंत्रित्वकाल में उनकी कैबिनेट में रहे डॉ सीपी ठाकुर, संजय पासवान और शाहनवाज हुसैन भी शामिल थे। कार्यक्रम में देवी ने गांधी भजन 'रघुपति राघव राजा राम' गाते समय 'ईश्वर अल्लाह तेरो नाम' छंद गाया तो मौजूद लोगों ने हंगामा कर दिया और भजन रोकने को कहा।

माफी

गायिका को मांगनी पड़ी माफी

गायिका को विरोध के कारण भजन रोकना पड़ा और माफी मांगनी पड़ी। इसके बाद चौबे ने आकर लोगों को शांत कराया। बाद में गायिका ने छठ गीत गाकर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। चौबे ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि जो हुआ वह नहीं होना चाहिए था, यह बिल्कुल भी शिष्टाचार की मांग नहीं थी। प्रदर्शन करने वालों में 50 से 60 लोग शामिल थे, जिनकी पहचान नहीं हो सकी। वे भजन के समय सभागार से चले गए थे।

ट्विटर पोस्ट

देखिए कार्यक्रम का वीडियो