Page Loader
आतिशी 21 को लेंगी मुख्यमंत्री पद की शपथ, दिल्ली के उपराज्यपाल ने राष्ट्रपति को भेजा प्रस्ताव
आतिशी 21 सितंबर को लेंगी दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ

आतिशी 21 को लेंगी मुख्यमंत्री पद की शपथ, दिल्ली के उपराज्यपाल ने राष्ट्रपति को भेजा प्रस्ताव

लेखन गजेंद्र
Sep 18, 2024
03:50 pm

क्या है खबर?

आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक आतिशी 21 सितंबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकती हैं। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने इस संबंध में प्रस्ताव राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजा है। उपराज्यपाल ने राष्ट्रपति को भेजी सूचना में अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की जानकारी दी है। साथ ही नई सरकार बनाने के दावे को भी बताया है। आतिशी ने शपथ ग्रहण के लिए कोई तारीख नहीं मांगी थी, जिससे उपराज्यपाल ने 21 सितंबर तारीख तय की है।

इस्तीफा

अरविंद केजरीवाल ने कल दिया था इस्तीफा

अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार शाम को साढ़े 4 बजे उपराज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया था। साथ ही उन्होंने दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के लिए आतिशी का नाम चुने जाने का विधायकों का हस्ताक्षरित प्रस्ताव भी उपराज्यपाल को सौंपा था। बता दें कि तिहाड़ जेल से बाहर आने के 2 दिन बाद केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर 2 दिन में इस्तीफा देने का ऐलान किया था। वह जल्द ही अपना आवास भी छोड़ देंगे।

पहचान

कौन हैं आतिशी?

आतिशी का जन्म 8 जून, 1981 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने नई दिल्ली से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और सेंट स्टीफंस कॉलेज से इतिहास विषय में स्नातक की डिग्री ली। इसके बाद उन्होंने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में मास्टर डिग्री हासिल की। ​ आतिशी AAP की स्थापना के समय ही पार्टी में शामिल हो गई थीं। हालांकि, उन्होंने विधानसभा चुनाव 2020 में लड़ा और कालकाजी विधानसभा सीट से जीत हासिल की। 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार मिली थी।