LOADING...
असम: संतों और पुजारियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में कांग्रेस विधायक गिरफ्तार
असम में पुजारियों के लिए अपमानजनक बयान देने पर कांग्रेस विधायक गिरफ्तार

असम: संतों और पुजारियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में कांग्रेस विधायक गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Nov 08, 2023
12:11 pm

क्या है खबर?

असम में संतों, नामघरिया और पुजारियों के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में कांग्रेस के विधायक आफताबुद्दीन मोल्लाह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने बताया कि विधायक के खिलाफ दिसपुर थाने में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 295(A), 153A(1)(B) और 505(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। विधायक को 7 नवंबर को गुवाहाटी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच चल रही है।

विवाद

विधायक ने क्या बयान दिया था?

आरोप है कि विधायक मोल्लाह ने 4 नवंबर को गोलपारा जिले में एक कार्यक्रम के दौरान संत, पुजारी और नामघरिया के लिए आपत्तिजनक बातें कही थीं। आजतक के मुताबिक, उन्होंने कहा था, "जहां भी हिंदू हैं, वहां गलत काम होते हैं। मंदिर के पुजारी और नामघर की देखभाल करने वाले बलात्कारी हैं।" बता दें, धेमाजी जिले में नामघरिया गांव है, जिसमें रहने वाले नामघरिया कहलाते हैं। नामघरिया वैष्णव संप्रदाय से संबंधित धार्मिक जगहों की देखभाल करते हैं।

कार्रवाई

कांग्रेस ने विधायक को जारी किया था कारण बताओ नोटिस

विधायक मोल्लाह की आपत्तिजनक टिप्पणी पर असम कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन बोरा ने भी आपत्ति जताते हुए 5 नवंबर को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस में कहा गया था कि धर्मनिरपेक्ष पार्टी होने के नाते कांग्रेस नफरत फैलाने वाली धार्मिक और सांप्रदायिक टिप्पणी के खिलाफ है। इसमें मोल्लाह से सार्वजनिक माफी मांगने को कहा गया था। बता दें कि मोल्लाह जलेश्वर सीट से विधायक हैं। उनको विधायक वाजेद अली चौधरी के आवास से गिरफ्तार किया गया था।