LOADING...
अरविंद केजरीवाल का भाजपा पर साजिश रचने का आरोप, कोर्ट के फैसले को बताया ऐतिहासिक
अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर लगाया साजिश रचने का आरोप

अरविंद केजरीवाल का भाजपा पर साजिश रचने का आरोप, कोर्ट के फैसले को बताया ऐतिहासिक

Feb 27, 2026
04:55 pm

क्या है खबर?

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली शराब नीति घोटाले के संबंध में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा दर्ज मामले में दिल्ली पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बरी कर दिया है। इस फैसले के बाद केजरीवाल ने अपने आवास से पार्टी कार्यालय तक रोड शो किया। उन्होंने अपने हाथ में गदा लेकर समर्थकों का अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर भाजपा और केंद्रीय एजेंसियों पर साजिश रचने का आरोप लगाया।

हमला

केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी और शाह पर बोला हमला

केजरीवाल ने कॉन्फ्रेंस में कोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक बताया और मुकदमा लड़ने वाले वकीलों के साथ फैसला सुनाने वाले न्यायाधीश को धन्यवाद दिया। उन्होंने भाजपा और केंद्रीय एजेंसियों पर झूठे मामले के जरिए आम आदमी पार्टी (AAP) को खत्म करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में अपनी संभावित हार को देखते हुए AAP को खत्म करने के लिए स्वतंत्र भारत में सबसे घिनौनी साजिश रची है।"

मांग

केजरीवाल बोले- प्रधानमंत्री मोदी और शाह को मांगनी चाहिए माफी

केजरीवाल ने कहा, "जब प्रधानमंत्री मोदी और शाह AAP को हराने में असफल रहे तो उन्होंने पार्टी को ही खत्म करने की साजिश रच दी। अब उन दोनों को देश से माफी मांगनी चाहिए।" उन्होंने कहा, "आज मेरे दिल से बड़ा बोझ उतर गया है। आपने हमारे खिलाफ इतने केस बनाए। आपने हमारे पीछे प्रवर्तन निदेशालय (ED), CBI और पुलिस छोड़ दी। एक समय AAP के शीर्ष 5 नेता जेल में थे, लेकिन आप कुछ नहीं बिगाड़ सके।"

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस

Advertisement

दावा

"कोर्ट ने झूठ का किला ढहा दिया"

केजरीवाल ने कहा, "AAP का एक एक कार्यकर्ता कट्टर ईमानदार है। कोर्ट ने झूठ का किला ढहा दिया। मैं ज्यूडिशियरी का धन्यवाद करता हूं। जज साहब का बहुत-बहुत धन्यवाद करना चाहता हूं। आज के इस माहौल में जब सारी संस्थाओं को, सारे अधिकारियों को डराया जा रहा है, धमकाया जा रहा है, ऐसे में इतना बड़ा न्याय करने के लिए जज साहब ने बहुत हिम्मत दिखाई है।" उन्होंने कहा, "शराब नीति के घोटाले का पूरा मामला ही एकदम फर्जी था।"

आपबीती

मुझे जेल जाने से फर्क पड़ता है- केजरीवाल

केजरीवाल ने कहा, "मैंने सिर्फ ईमानदारी का काम किया। मुझे जेल जाने से फर्फ पड़ता है। मैं वो राजनेता नहीं हूं जिसकी मोटी चमड़ी है। फैसले से साबित हो गया कि केजरीवाल ईमानदार है, सिसोदिया ईमानदार है।" उन्होंने कहा, "भाजपा ने आज दिल्ली की क्या हालत कर दी है। मैंने दिल्ली में 5,000 स्कूल बनाए, आप 500 स्कूल बना कर दिखा दो।मेरे जितना काम कर दो, आपको चुनाव जीतने के लिए केजरीवाल को जेल में डालने की जरुरत नहीं पड़ेगी।"

मजबूरी

बेगुनाही साबित होने तक चुप रहना बेहतर समझा- केजरीवाल

केजरीवाल ने कहा, "बार-बार पूछा गया कि जमानत मिलने के बाद मैं सार्वजनिक नजरों से क्यों गायब हो गया। इसका कारण था कि मैने बेगुनाही साबित होने तक चुप रहना ही उन्होंने बेहतर समझा था।" उन्होंने कहा, "अब प्रधानमंत्री मोदी के पास केजरीवाल को खत्म करने के अलावा और कोई चारा नहीं बचा है। आपने सब कुछ आजमा लिया, अब आपको मुझे खत्म ही करना होगा। तब जाकर आपको मुझसे झुटकारा मिल सकता है।"

चुनौती

केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को दी चुनौती

केजरीवाल ने भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर दिल्ली में दोबारा चुनाव हुए और भाजपा 10 से अधिक सीटें जीत गई, तो वह राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने कहा, "दिल्ली की जनता आपकी नाकामियों से तंग आ चुकी है। अब वह आपको का इसका जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।" उन्होंने कहा, "झूठ, अन्याय और साजिश कितनी भी ऊंची दीवारें खड़ी कर लें, एक अकेला सच उन्हें गिराने के लिए काफी होता है।"

Advertisement