
बिहार में बनेगा अरुण जेटली का स्टैच्यू, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया ऐलान
क्या है खबर?
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऐलान किया है कि राज्य में पूर्व वित्त मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत नेता अरुण जेटली का स्टैच्यू बनाया जाएगा।
साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार में हर साल जेटली की जयंती को राज्य स्तरीय आयोजन के तौर पर मनाया जाएगा।
बता दें, जेटली के निधन के बाद बिहार में दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया था। अब नीतीश कुमार ने यह बड़ी घोषणा की है।
जानकारी
नीतीश को मुख्यमंत्री बनाने में जेटली का था बड़ा योगदान
बिहार भाजपा के प्रभारी रह चुके अरुण जेटली ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री और सुशील कुमार को उपमुख्यमंत्री बनवाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। कहा जाता है कि नीतीश कुमार को वापस NDA में लाने में जेटली का बड़ा हाथ था।
नाम में बदलाव
जेटली के नाम पर होगा फिरोज शाह कोटला स्टेडियम
हाल ही में दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने फिरोजशाह कोटला स्टेडियम का नाम बदलने का फैसला किया था।
DDCA के अध्यक्ष रजत शर्मा ने फिरोजशाह कोटला का नाम दिवंगत अरुण जेटली के नाम पर रखने की घोषणा की थी।
आने वाली 12 सितंबर को फिरोजशाह कोटला में एक कार्यक्रम होगा, जहां 'फिरोजशाह कोटला स्टेडियम' का नाम बदल कर 'अरुण जेटली स्टेडियम' रखा जाएगा। हालांकि, इस मैदान का नाम नहीं बदला जाएगा।
घोषणा
जेटली ने ही कराया था कोटला स्टेडियम का नवीनीकरण
DDCA अध्यक्ष रजत शर्मा ने कहा था, "जेटली जी के संरक्षण में ही इस स्टेडियम को फिर से बनाया गया। उनके नाम पर स्टेडियम का नाम होने से बेहतर और क्या हो सकता है।"
उन्होंने आगे कहा था, "वो अरुण जेटली का समर्थन और प्रोत्साहन ही था जिसकी वजह से भारतीय क्रिकेट टीम को विराट कोहली, वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, आशीष नेहरा और ईशांत शर्मा जैसे खिलाड़ी मिले।"
बता दें कि जेटली ने ही कोटला स्टेडियम का नवीनीकरण कराया था।
निधन
24 अगस्त को हुआ था जेटली का निधन
मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में कई मंत्रालयों का प्रभार संभालने वाले जेटली का लंबी बीमारी के बाद 24 अगस्त को 66 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।
पिछले साल उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था और वह इलाज के लिए अमेरिका भी गए थे।
9 अगस्त को सांस लेने में हो रही तकलीफ के बाद उन्हें AIIMS में भर्ती कराया गया था।
डॉक्टर अपनी ओर पूरी कोशिश करते रहे, लेकिन उनकी सेहत में कोई सुधार नहीं आया।