Page Loader
आंध्र प्रदेश: चंद्रबाबू नायडू 12 जून को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, बदली गई तारीख
आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू 12 जून को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

आंध्र प्रदेश: चंद्रबाबू नायडू 12 जून को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, बदली गई तारीख

लेखन गजेंद्र
Jun 06, 2024
11:05 am

क्या है खबर?

आंध्र प्रदेश के विधानसभा चुनाव में तेलुगु देशम पार्टी (TDP) सबसे बड़ी पार्टी उभरी है। उसने जगन रेड्डी की YSR कांग्रेस पार्टी को बुरी तरह मात दी है। इंडिया टुडे के मुताबिक, चुनाव नतीजों के बाद TDP प्रमुख चंद्रबाबू नायडू राज्य की सत्ता संभालने की तैयारी कर रहे हैं। वह संभवतः 12 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नायडू राज्य में चौथी बार मुख्यमंत्री के रूप में कामकाज संभालेंगे। पहले वह 9 जून को शपथ लेने वाले थे।

शपथ

क्यों बदली गई तारीख?

नायडू पहले 9 जून के अपने शपथ ग्रहण समारोह में नरेंद्र मोदी को भी प्रधानमंत्री के तौर पर आमंत्रित करने वाले थे, लेकिन तब तक केंद्र में सरकार बनने को लेकर असमंजस की स्थिति थी। बुधवार को स्थिति साफ होने के बाद नायडू के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख बदल दी गई। बता दें कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 7 जून को सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। 8 जून को मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।

चुनाव परिणाम

आंध्र प्रदेश का क्या रहा चुनाव परिणाम?

आंध्र में चुनाव से पहले भाजपा ने नायडू की TDP और फिल्म अभिनेता पवन कल्याण की जन सेना पार्टी के साथ गठबंधन किया था। चुनाव परिणाम आने के बाद TDP को राज्य की 175 में 135 सीट, जन सेना को 21 और भाजपा को 8 सीटें मिली हैं। YSR कांग्रेस को 11 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। नायडू 1995-2004 तक राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। 2014 में तेलंगाना बनने के बाद नायडू आंध्र के पहले मुख्यमंत्री बने थे।