Page Loader
भाजपा ने अपने दरवाजे पूरी तरह खोले तो कांग्रेस और NCP में कोई नहीं बचेगा- शाह

भाजपा ने अपने दरवाजे पूरी तरह खोले तो कांग्रेस और NCP में कोई नहीं बचेगा- शाह

Sep 02, 2019
12:05 pm

क्या है खबर?

गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को महाराष्ट्र में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) पर करारा हमला किया। सोलापुर में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी ने बाहरी नेताओं के लिए अपने दरवाजे पूरी तरह खोल दिए थे, तो NCP और कांग्रेस में केवल शरद पवार और पृथ्वीराज चव्हाण बचेंगे। बता दें कि महाराष्ट्र में इन दोनों नेताओं को अपनी-अपनी पार्टी का शीर्ष नेता माना जाता है।

भाषण

शाह ने कहा, पूरी तरह से नहीं खुले हैं भाजपा के दरवाजे

अमित शाह रविवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की 'महाजनादेश यात्रा' के दूसरे चरण में शामिल हुए थे। इस दौरान समापन समारोह में कांग्रेस और NCP के नेताओं के भाजपा में शामिल होने पर उन्होंने कहा कि भाजपा के दरवाजे पूरी तरह नहीं खुले हैं और उनके जैसे लोग चंद्रकांत दादा पाटिल को दरवाजे पूरी तरह से खोलने से रोक रहे हैं। बता दें कि चंद्रकांत पाटिल महाराष्ट्र भाजपा के प्रमुख हैं।

बयान

"केवल कुछ परिवारों की चिंता करती हैं दोनों पार्टियां"

अमित शाह ने इसके बाद कांग्रेस और NCP पर कटाक्ष करते हुए कहा, "अगर वह (चंद्रकांत पाटिल) ऐसा कर देते हैं तो NCP और कांग्रेस में केवल पवार और पृथ्वीराज चव्हाण बचेंगे।" शाह ने आगे कहा कि ऐसी स्थिति इसलिए आई है क्योंकि ये दोनों पार्टियां केवल कुछ परिवारों के बारे में चिंता करती हैं। जिस समारोह में शाह ने ये बात कही, उसी समारोह में NCP और कांग्रेस के तीन नेता भाजपा में शामिल हुए।

जानकारी

भाजपा में शामिल हुए नेताओं में शरद पवार के संंबंधी भी

भाजपा में शामिल हुए नेताओं में उस्मानाबाद के NCP नेता राणा जगजीत सिंह पाटिल, कोल्हापुर से पूर्व NCP सांसद धनंजय महादिक और मान-खाटव से कांग्रेस विधायक जयकुमार गोरे शामिल हैं। पाटिल पवार के संबंधी हैं।

बयान

"नरेंद्र मोदी और फडणवीस की जोड़ी आदर्श"

अमित शाह ने रैली में फडणवीस को फिर से मुख्यमंत्री बनाने की वकालत भी की। उन्होंने कहा, "ये पार्टियां 15 साल तक सत्ता में थीं, लेकिन उन्होंने केवल कुछ परिवारों की चिंता की। दूसरी तरफ देवेंद्र फडणवीस आम लोगों के बारे में चिंतित हैं।" शाह ने केंद्र में नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र में फडणवीस की जोड़ी को आदर्श बताया। उन्होंने शरद पवार से UPA सरकार में कृषि मंत्री के कार्यकाल के दौरान उनके काम का हिसाब मांगा।

राजनीति

साल के अंत में महाराष्ट्र में होने हैं विधानसभा चुनाव

बता दें कि महाराष्ट्र में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और सभी पार्टियां इसकी तैयारियों में लगी हुई हैं। फडणवीस ने इसी सिलसिले में 1 अगस्त को महाजनादेश यात्रा शुरू की थी। इस दौरान कांग्रेस और NCP के कई नेता और विधायक भाजपा में शामिल हो चुके हैं। चुनाव से पहले NCP के लिए सामने दोहरी चुनौती है क्योंकि पार्टी के अंदर शरद पवार और उनके भतीजे अजीत पवार के बीच मतभेद की खबरें हैं।