राहुल गांधी पर बरसे अमित शाह, कहा- विदेशों में भारत को बदनाम कर नहीं मिलेगी सत्ता
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के पुणे में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल की लगातार होने वाली विदेश यात्राओं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दिए जाने वाले बयानों को लेकर कहा कि कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश को बदनाम करके भारत में कभी भी सत्ता हासिल नहीं कर पाएगी। हालांकि, कांग्रेस सांसद उनकी इस सलाह को कभी नहीं सुनेंगे।
बयान
शाह ने क्या दिया बयान?
शाह ने राहुल को गांवों का दौरा करने की नसीहत देते हुए कहा, "अगर आपको सत्ता ही चाहिए, तो अपनी विदेश यात्राएं बंद करें और भारत के गांवों का दौरा करना शुरू करें; तब शायद किसी दिन आपकी बारी आ सकती है।"
उन्होंने आगे कहा, "आप निश्चित रूप से मेरी बात नहीं सुनेंगे, इसलिए मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि यदि आप इसी दिशा में उनके पीछे चलते रहे, तो अगले 30 वर्षों तक आपकी बारी नहीं आएगी।"
तंज
हैदराबाद के 'भारत समिट 2026' पर कसा तंज
हाल ही में हैदराबाद में आयोजित 'भारत समिट 2026' पर चुटकी लेते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस लगातार 3 लोकसभा चुनाव हारने की हताशा निकाल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसी हताशा में कांग्रेस ने इस कार्यक्रम में देश और विदेश से वामपंथी विचारधारा का प्रचार करने वालों को आमंत्रित किया था। इस आयोजन का नाम तो 'भारत समिट' रखा गया, लेकिन राहुल अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भारत विरोधी विचारों से देश को बदनाम करते रहते हैं।
आरोप
UPA ने किए 12 लाख करोड़ के घोटाले- शाह
शाह ने कहा कि चुनाव जीतना या हारना किसी भी पार्टी के नेताओं के प्रदर्शन पर निर्भर करता है।
उन्होंने कहा, "आपको 10 साल मौका दिया गया था और आपने 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले और भ्रष्टाचार किए। देश की जनता ने आपको हाथ पकड़कर दिल्ली की सरकार से बाहर फेंक दिया और नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाया। पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ चार आने के भ्रष्टाचार का भी एक भी आरोप नहीं लगा है।"
जानकारी
छठ पूजा की बधाई और भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि
इस दाैरान शाह ने देशवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं और आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा, "स्वतंत्रता आंदोलन से भी पहले भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की मशाल जलाई थी।"