LOADING...
अजित पवार के सम्मान में कांग्रेस बारामती में नहीं उतारेगी उम्मीदवार, सुनेत्रा पवार की जीत तय
बारामती उपचुनाव में सुनेत्रा पवार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार हैं

अजित पवार के सम्मान में कांग्रेस बारामती में नहीं उतारेगी उम्मीदवार, सुनेत्रा पवार की जीत तय

लेखन गजेंद्र
Apr 09, 2026
03:22 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के बारामती विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की प्रमुख सुनेत्रा पवार की जीत तय हो गई है। गुरुवार को नामांकन वापस लेने के आखिरी दिन कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार आकाश मोरे को अपनी उम्मीदवारी वापस लेने का निर्देश दिया है। कांग्रेस ने यह फैसला अजित पवार के सम्मान में और शरद पवार समेत अन्य नेताओं की अपील पर लिया है।

नामांकन

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष और प्रभारी ने क्या कहा?

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा, "अजीत पवार का निधन वाकई दुर्भाग्यपूर्ण था और वे अतीत में कांग्रेस से भी जुड़े रहे थे। सुनेत्रा पवार ने आज तक मुझे 3 बार फोन किया। एक प्रतिनिधिमंडल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे, रोहित पवार ने मुझसे अनुरोध किया था।" महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी रमेश चेन्निथला ने कहा कि अजित पवार के निधन के बाद यह उपचुनाव आवश्यक हो गया है, जिसमें कांग्रेस उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए हिस्सा नहीं लेगी।

चुनाव

कुल 53 उम्मीदवारों ने कराया है नामांकन

महाराष्ट्र के पुणे जिले में आने वाली बारामती सीट पवार परिवार का गढ़ है। अजित यहां से विधायक थे। उनके विमान हादसे में निधन के बाद यह सीट खाली हुई है। इस सीट पर 23 अप्रैल को चुनाव है, जिसके लिए नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन 9 अप्रैल को है। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा और आकाश समेत कुल 53 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन कराया है। इसमें गुरुवार को दोपहर डेढ़ बजे तक आकाश समेत 20 लोग नामांकन वापस ले चुके हैं।

Advertisement

फोन

शरद पवार ने खड़गे को मिलाया फोन, सुप्रिया ने भी किया अनुरोध

सुनेत्रा को इस सीट से निर्विरोध जिताने के लिए उनके चाचा ससुर शरद पवार ने भी खुले तौर पर कांग्रेस को उम्मीदवार न उतारने का अनुरोध किया था। बताया जा रहा है कि अंतिम समय में उन्होंने कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे को फोन कर अनुरोध किया, जिसके बाद कांग्रेस नामांकन वापस लेने के फैसले पर पहुंची। सांसद सुप्रिया सुले और रोहित पवार ने भी कांग्रेस से अनुरोध किया था, जबकि अजित के बेटे पार्थ ने कांग्रेस की आलोचना की थी।

Advertisement