Page Loader
त्रिपुरा में ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के काफिले पर हमला, TMC का भाजपा पर आरोप
त्रिपुरा में अभिषेक बनर्जी के काफिले पर हमला (स्त्रोत- इंडिया टुडे)

त्रिपुरा में ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के काफिले पर हमला, TMC का भाजपा पर आरोप

Aug 02, 2021
04:56 pm

क्या है खबर?

भाजपा शासित त्रिपुरा में आज पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के काफिले पर हमला किया गया। डायमंड हार्बर सीट से सांसद अभिषेक बनर्जी ने खुद ट्वीट कर घटना की जानकारी है और हमले का एक वीडियो भी शेयर किया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भाजपा पर ये हमला कराने का आरोप लगाया है, वहीं अभिषेक ने सीधे त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब पर निशाना साधा है।

बयान

राज्य को ऐसी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए शुक्रिया बिप्लब देब- बनर्जी

घटना का वीडियो ट्वीट करते हुए अभिषेक बनर्जी ने लिखा, 'त्रिपुरा में भाजपा राज में लोकतंत्र की स्थिति। बिप्लब देब राज्य कों ऐसी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए शुक्रिया।' वीडियो में देखा जा सकता है कि बनर्जी के काफिले की गाड़ी एक सड़क से होकर गुजर रही है और आसपास लोग भाजपा का झंड़ा लिए खड़े हैं। इस बीच कुछ लोग डंडों से गाड़ी के अगले शीशे पर हमला कर देते हैं जिसस वह चटक जाता है।

ट्विटर पोस्ट

देखें घटना का वीडियो

अन्य आरोप

TMC ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर उसके पोस्टर फाड़ने का आरोप भी लगाया

त्रिपुरा TMC ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर उसके पोस्टर और बैनर फाड़ने का आरोप भी लगाया है। अपने आरोपों को साबित करने के लिए पार्टी इकाई ने अपने ट्विटर अकाउंट पर TMC के फटे पोस्टर्स की तस्वीरें शेयर की हैं। उसने लिखा, "त्रिपुरा की भाजपा सरकार की गुंडई का प्रदर्शन। भाजपा राज में निर्ममता और लोकतंत्र के लिए अनादर चरम पर होता है। आप कोशिश जारी रख सकते हैं, लेकिन हमें त्रिपुरा के लोगों के दिल से नहीं मिटा सकते।"

विस्तार

त्रिपुरा में विस्तार की संभावना तलाश रही है TMC

बता दें कि अभिषेक त्रिपुरा के दौरे पर आए हुए हैं और यहां पार्टी का विस्तार करने का प्रयास कर रहे हैं। TMC को उम्मीद है कि वो राज्य में पैठ बना सकती है और 2023 विधानसभा चुनाव को देखते हुए तैयारी कर रही है। हालांकि उसे भाजपा के विरोध का सामना करना पड़ रहा है और काफिले पर हमले के बाद आज जब अभिषेक अगरतला के त्रिपुरेश्वरी मंदिर गए तो उन्हें वहां भी काले झंडे दिखाए गए।

अन्य मामला

अगरतला में "हिरासत" में लिए गए थे TMC के लिए काम करने गए आईपैक के कर्मचारी

गौरतलब है कि ये त्रिपुरा में भाजपा और TMC के बीच पहला टकराव नहीं है और इससे पहले पिछले हफ्ते ही पूर्ण राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर की आईपैक टीम के कुछ सदस्यों को अगरतला में कथित हिरासत में ले लिया गया था। TMC के लिए काम करने पहुंचे इन सदस्यों को होटल से बाहर नहीं निकलने दिया गया था। मामले में बंगाल के मंत्री ब्रत्य बसु और मलय घटक और TMC सांसद डेरेक ओ ब्रायन को अगरतला जाना पड़ा था।