Page Loader
दिल्ली विधानसभा चुनाव: AAP सांसद संजय सिंह बोले, नहीं करेंगे कांग्रेस के साथ गठबंधन

दिल्ली विधानसभा चुनाव: AAP सांसद संजय सिंह बोले, नहीं करेंगे कांग्रेस के साथ गठबंधन

Nov 17, 2019
03:35 pm

क्या है खबर?

आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मुकाबला AAP और भाजपा के बीच है और कांग्रेस मुकाबले में कहीं नहीं हैं। बता दें कि दिल्ली में अगले साल की शुरूआत में चुनाव होने हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में 67 सीटों पर जीत दर्ज करने वाली AAP फिर से सत्ता वापसी की कोशिशों में लगी हुई है।

इंटरव्यू

संजय सिंह बोले, दिल्ली में कोई नहीं लेता कांग्रेस का नाम

समाचार एजेंसी PTI को दिए इंटरव्यू में हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन को खास तवज्जो न देते हुए संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में स्थिति बिल्कुल अलग है और यहां कोई कांग्रेस का नाम भी नहीं लेता। दिल्ली सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, "दिल्ली में लोगों ने हमारा काम देखा है और वो इससे खुश हैं। वो इसकी के आधार पर वोट देंगे।"

लोकसभा चुनाव

असफल साबित हुई थी लोकसभा चुनाव में गठबंधन करने की कोशिश

बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले भी AAP और कांग्रेस में गठबंधन को लेकर बातचीत हुई थी। कांग्रेस के मुकाबले AAP गठबंधन को लेकर ज्यादा आतुर नजर आई थी। लेकिन अंत में गठबंधन नहीं हो सका और दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटें भाजपा के खाते में चली गईं। दोनों पार्टियों के बीच बातचीत हरियाणा में गठबंधन को लेकर असहमति के कारण असफल हुई थी।

एजेंडा

बताया क्या होगा आगामी चुनाव में AAP का एजेंडा

आगामी विधानसभा चुनाव में AAP का क्या एजेंडा रहेगा, इस सवाल का जबाव देते हुए संजय सिंह ने कहा, "पिछले पांच सालों में AAP सरकार अपनी योजनाओं के जरिए समाज के हर वर्ग के पास पहुंची है। चाहें ये बच्चों और युवाओं को लाभ पहुंचाने के लिए शिक्षा हो, बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा हो, महिलाओं के लिए बस में फ्री यात्रा हो या उनकी सुरक्षा के लिए CCTV लगाया जाना हो।"

बयान

"हम सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने पर विश्वास रखते हैं"

संजय सिंह ने आगे कहा, 'ये दर्शाता है कि हम कैसे सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने पर विश्वास रखते हैं। अगर सत्ता में उसकी वापसी होती है तो AAP इसी एजेंडे पर फिर से आगे बढ़ेगी।"

चुनावी मुद्दा

अनाधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने को बताया भाजपा का एक और जुमला

केंद्र सरकार की अनाधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने की घोषणा के आगामी विधानसभा चुनाव में गेंम चेंजर साबित होने के सवाल के जबाव में AAP के वरिष्ठ नेता सिंह ने कहा कि ये भगवा पार्टी को एक और जुमला है। उन्होंने कहा, "इसमें उन्हें चार साल का वक्त लग और ये चुनाव से ठीक पहले किया। अब वो कह रहे हैं कि वो एक बिल पास करेंगे और तब वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसमें चुनाव खत्म हो जाएंगे।"

बयान

सिंह बोले, गंभीर होती तो अध्यादेश लेकर आती भाजपा

सिंह ने कहा कि अगर भाजपा गंभीर थी तो उसे अनाधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के लिए अध्यादेश लेकर आना चाहिए था। उन्होंने आगे कहा, "लेकिन ऐसा नहीं किया गया। ये कुछ नहीं बस एक जुमला है और उनके इरादे वास्तविक नहीं हैं।"