Page Loader
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में AAP का जबरदस्त आगाज, सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी
चंडीगढ़ नगर निगम में AAP का शानदार प्रदर्शन

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में AAP का जबरदस्त आगाज, सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी

Dec 27, 2021
04:36 pm

क्या है खबर?

पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में धमाकेदार आगाज किया है। पहली बार ये चुनाव लड़ रही AAP आज आए नतीजों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और उसने भाजपा को दूसरे स्थान पर धकेल दिया है। इन नतीजों ने पंजाब चुनाव में AAP की संभावनाओं को मजबूती दी है और पार्टी ने इसे राज्य में अगले साल होने वाले चुनाव का महज ट्रेलर बताया है।

नतीजे

AAP ने जीती 35 में से 14 सीटें

35 सीटों वाले चंडीगढ़ नगर निगम के नतीजों में AAP ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा को 12 सीटें मिली हैं, वहीं कांग्रेस को आठ और अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन को महज एक सीट मिली है। चूंकि नतीजों में कोई भी पार्टी 18 सीटों के बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाई है, इसलिए किसी पार्टी के दूसरे को समर्थन देने पर ही यहां मेयर का चुनाव हो सकेगा।

प्रतिक्रिया

केजरीवाल ने कहा- नतीजे आने वाले बदलाव का संकेत

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नतीजों पर खुशी जताते हुए इसे बदलाव का संकेत बताया है। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, 'चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी की ये जीत पंजाब में आने वाले बदलाव का संकेत है। चंडीगढ़ के लोगों ने आज भ्रष्ट राजनीति को नकारते हुए AAP की ईमानदार राजनीति को चुना है। AAP के सभी विजयी उम्मीदवारों और सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई। इस बार पंजाब बदलाव के लिए तैयार है।'

बयान

चंडीगढ़ महज ट्रेलर, पंजाब पूरी फिल्म होगा- राघव चड्ढा

पंजाब का प्रभार संभाल रहे दिल्ली के AAP विधायक राघव चड्ढा ने नतीजों पर कहा कि ये महज ट्रेलर है और पंजाब पूरी फिल्म होगा। उन्होंने कहा, "हमारे जैसी छोटी और ईमानदार पार्टी को इतना प्यार और भरोसा देने के लिए मैं AAP और अरविंद केजरीवाल की तरफ से चंडीगढ़ का शुक्रिया अदा करता हूं। चंडीगढ़ महज ट्रेलर है, पंजाब पूरी फिल्म होगा। जो मूड चंडीगढ़ में है, वहीं पंजाब का मूड है। "

भाजपा

भाजपा को बड़ा झटका, मेयर और पूर्व मेयर भी चुनाव हारे

अन्य पार्टियों की बात करें तो चंडीगढ़ नगर निगम के ये नतीजे भाजपा के लिए एक बड़ा झटका हैं। पार्टी ने पिछले चुनाव में यहां 20 सीटें जीती थीं और अकाली दल के साथ मिलकर सत्ता में आई थी। इस बार उसके मेयर रविकांत शर्मा और पूर्व मेयर देवेश मोदगिल भी AAP प्रत्याशियों से चुनाव हार गए। चंडीगढ़ भाजपा के प्रवक्ता नरेश अरोड़ा ने कहा कि अंतिम विश्लेषण पर ही पता चलेगा कि किस पार्टी के वोट AAP को पड़े।

कांग्रेस

कांग्रेस के प्रदर्शन में सुधार, दोगुनी हुईं सीटें

कांग्रेस के प्रदर्शन में सुधार हुआ है और पिछली बार चार के मुकाबले इस बार उसने आठ सीटें जीती हैं। पारंपरिक तौर पर चंडीगढ़ नगर निगम के चुनावों में भाजपा और कांग्रेस के बीच दोतरफा मुकाबला होता रहा है। हालांकि इस बार पंजाब विधानसभा चुनाव से नजदीकी के कारण यहां कांग्रेस, भाजपा, AAP और अकाली दल में चौतरफा लड़ाई थी।