Page Loader
दिल्ली: AAP ने 6 लोकसभा सीटों पर की उम्मीदवारों की घोषणा, कांग्रेस से गठबंधन नहीं

दिल्ली: AAP ने 6 लोकसभा सीटों पर की उम्मीदवारों की घोषणा, कांग्रेस से गठबंधन नहीं

Mar 02, 2019
04:55 pm

क्या है खबर?

आम आदमी पार्टी (AAP) ने शनिवार को दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों में से 6 पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। इस दौरान AAP ने कांग्रेस पर दोनों पार्टियों की बीच गठबंधन की संभावनाओं को खत्म करने का आरोप लगाया। इससे पहले AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल भी कांग्रेस पर गठबंधन से पीछे हटने और भारतीय जनता पार्टी की मदद करने का आरोप लगा चुके हैं। बता दें कि लोकसभा चुनाव मई में होने हैं।

AAP उम्मीदवार

पश्चिम दिल्ली सीट पर अभी नाम तय नहीं

AAP ने नई दिल्ली से बृजेश गोयल और चांदनी चौक से पंकज गुप्ता को मैदान में उतारा है। इसके अलावा पूर्व दिल्ली से अतिषी, उत्तर-पश्चिम दिल्ली से गुग्गन सिंह, दक्षिण दिल्ली से राघव चड्ढा और उत्तर-पूर्व दिल्ली से दिलीप पांडे चुनाव लडेंगे। पश्चिम दिल्ली से उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। इस दौरान दिल्ली AAP संयोजक गोपाल राय ने कहा कि AAP को अकेले चुनाव लड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि दिल्ली कांग्रेस गठबंधन नहीं करना चाहती।

दिल्ली कांग्रेस

दिल्ली कांग्रेस नहीं चाहती थी गठबंधन

राय ने दावा किया कि 13 फरवरी को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने केजरीवाल को कहा था कि दिल्ली कांग्रेस दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन के खिलाफ है। उन्होंने कहा, "राहुल ने यह बात शरद पवार के घर पर विपक्ष के सारे नेताओं के सामने कही।" राय ने कहा, "दिल्ली कांग्रेस प्रमुख शीला दीक्षित भी शुक्रवार को साफ कर चुकी हैं कि वह गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं। समय निकल रहा था और हमें नामों की घोषणा करनी थी।"

अरविंद केजरीवाल

भाजपा विरोधी वोटों का बंटवारा रोकने के लिए गठबंधन चाहते थे केजरीवाल

इससे पहले केजरीवाल ने कहा था कि वह कांग्रेस को गठबंधन करने के लिए मनाते-मनाते थक गए हैं। उन्होंने कहा था कि भाजपा विरोधी वोटों के बंटवारे को रोकने के लिए AAP कांग्रेस से गठबंधन करना चाहती है और इससे इनकार करके कांग्रेस भाजपा की मदद कर रही है। उन्होंने लोगों से कांग्रेस की बजाय AAP को वोट देने की अपील की थी। बता दें कि 2014 लोकसभा चुनावों में दिल्ली की सभी सातों सीटों को भाजपा ने जीता था।