Page Loader
कांग्रेस और AAP साथ मिलकर लड़ेंगे चंडीगढ़ मेयर का चुनाव, जानिए क्या है रणनीति
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में AAP और कांग्रेस साथ आएंगे (तस्वीर: एक्स/@JaipurDialogues)

कांग्रेस और AAP साथ मिलकर लड़ेंगे चंडीगढ़ मेयर का चुनाव, जानिए क्या है रणनीति

लेखन गजेंद्र
Jan 15, 2024
04:44 pm

क्या है खबर?

चंडीगढ़ मेयर का चुनाव दिलचस्प हो गया है। लोकसभा चुनाव से पहले यहां कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) अपने गठबंधन को परखेंगे और दोनों मिलकर चुनाव लड़ेंगे। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन कुमार बंसल ने बताया कि दोनों पार्टियां मामले पर चर्चा कर रही थीं और अब निर्णय लिया गया है कि AAP मेयर पद पर चुनाव लड़ेगी और कांग्रेस बाकी 2 अन्य सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी।

चुनाव

वरिष्ठ उप मेयर और उप मेयर कांग्रेस का होगा

पवन कुमार बंसल ने बताया कि कांग्रेस वरिष्ठ उप मेयर और उप मेयर पद के लिए चुनाव लड़ेगी, जिससे INDIA गठबंधन के उम्मीदवार बहुमत से सफल हो सकें। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मुद्दों पर कांग्रेस और AAP की सहमति है और इस समय लोकतंत्र की भावना को बचाने के लिए सभी साथ आए हैं। बता दें कि लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मुलाकात हो चुकी है।

रणनीति

क्या है रणनीति?

चंडीगढ़ में मेयर पद का चुनाव 18 जनवरी को होना है, जिसमें 35 पार्षद मतदान करेंगे। मौजूदा समय में चंडीगढ़ नगर निगम में AAP के पास 13 और कांग्रेस के पास 7 पार्षद हैं। भाजपा के पास 14 पार्षद का वोट है, जबकि शिरोमणि अकाली दल (SAD) के पास 1 पार्षद है। अगर कांग्रेस और AAP साथ आते हैं तो कुल 20 पार्षद हो जाएंगे, जिससे चुनाव जीतना आसान होगा और भाजपा बहुमत से दूर रहेगी।