Page Loader
छत्तीसगढ़ में AAP को बड़ा झटका, 500 कार्यकर्ता इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए
छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी से 500 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

छत्तीसगढ़ में AAP को बड़ा झटका, 500 कार्यकर्ता इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए

लेखन गजेंद्र
Jan 23, 2024
04:31 pm

क्या है खबर?

छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी (AAP) को तगड़ा झटका लगा है। मंगलवार को पार्टी के 500 से अधिक कार्यकर्ता सामूहिक रूप से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए। इंडिया टुडे के मुताबिक, महीने की शुरुआत में छत्तीसगढ़ AAP अध्यक्ष कोमल हुपेंडी और 6 अन्य प्रमुख सदस्यों के इस्तीफे के बाद यह सामूहिक पलायन दिखा है। कार्यकर्ताओं ने पार्टी बदलने का कारण AAP के नेतृत्व से मोहभंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रवादी एजेंडे को बताया है।

इस्तीफा

इन नेताओं ने दिया AAP से इस्तीफा

ईटीवी भारत के मुताबिक, इससे पहले 16 जनवरी को छत्तीसगढ़ में कई AAP नेताओं ने इस्तीफा दिया था। भाजपा में जाने वाले नेताओं में हुपेंडी के अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश मिरी, प्रदेश सचिव विशाल केलकर, युवा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सिंह ठाकुर, अनुसूचित जाति इकाई के प्रमुख धरम भार्गव, अन्य पिछड़ा वर्ग इकाई के प्रमुख कमलकांत साहू और अनुसूचित जनजाति इकाई के प्रमुख बसंत कुजूर समेत कई जिलाध्यक्ष शामिल हैं।

चुनाव

छत्तीसगढ़ चुनाव में AAP को मिले थे 1 प्रतिशत से कम वोट

बता दें कि छत्तीसगढ़ की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने की प्रारंभिक योजना के बावजूद AAP ने केवल 54 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। इस दौरान पार्टी एक भी सीट जीतने में विफल रही और उसे 1 प्रतिशत से भी कम वोट मिले। कोमल हुपेंडी 2016 से AAP के साथ बने हुए थे। उन्होंने पिछले साल 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय नेतृत्व से समर्थन की कमी पर निराशा व्यक्त की थी।