TMC से निकले 17 बागी सांसद भाजपा में शामिल होंगे, 3 बाहर से करेंगे NDA का समर्थन
क्या है खबर?
ममता बनर्जी से अलग हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 20 बागी सांसदों में से 17 भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। TMC के बागी नेता और कूच बिहार सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने ये दावा किया है। उन्होंने कहा कि ये सांसद दुर्गा पूजा के आसपास भाजपा में शामिल हो सकते हैं। बसुनिया के अनुसार, बागी सांसदों ने भाजपा में एक साथ शामिल होने का फैसला किया है, ताकि दलबदल विरोधी कानून लागू न हो।
बयान
बसुनिया बोले- दरबदल कानून से बचने के लिए एक साथ शामिल होंगे
बसुनिया ने कहा, "हम 17 सांसद एक साथ भाजपा में जा रहे हैं। चूंकि 20 सदस्यों में से दो-तिहाई से ज्यादा दलबदल कर रहे हैं, इसलिए दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं होगा।"
बता दें कि दलबदल विरोधी कानून के तहत, अगर विधायक दल के कम से कम दो-तिहाई सदस्यों का समर्थन हो तो विलय को अयोग्यता से छूट मिलती है। 20 सांसदों के मामले में कम से कम 14 सांसदों का समर्थन जरूरी है।
3 सांसद
यूसुफ पठान समेत 3 सांसद बाहर से करेंगे NDA का समर्थन
बसुनिया ने कहा कि अबू ताहेर खान, खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान समेत 3 सांसद NDA को बाहर से समर्थन देंगे।
उन्होंने कहा, "ये तीनों NDA का समर्थन करेंगे और उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां या पोर्टफोलियो दिए जा सकते हैं।"
बसुनिया ने इस कदम के पीछे सांसदों के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में राजनीतिक और प्रशासनिक परिस्थितियां बताईं। माना जा रहा है कि मुस्लिम मतदाताओं की नाराजगी का डर और अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के समीकरण के चलते ऐसा किया जा रहा है।
जानकारी
बागी सांसदों ने NCPI में किया था विलय
पश्चिम बंगाल में TMC की हार के बाद 14 जून को 20 बागी सांसदों ने ममता का साथ छोड़ दिया था। बाद में इन सांसदों ने त्रिपुरा की स्थानीय पार्टी NCPI में विलय कर NDA को समर्थन देने का ऐलान किया था।