Page Loader
गर्मियों में बनाएं कच्चे आम से बनने वाली ये स्वादिष्ट ड्रिंक्स, आसान हैं रेसिपीज
कच्चे आम से बनाएं ये पेय

गर्मियों में बनाएं कच्चे आम से बनने वाली ये स्वादिष्ट ड्रिंक्स, आसान हैं रेसिपीज

लेखन अंजली
May 18, 2022
07:52 pm

क्या है खबर?

हर दिन गर्मी बढ़ती जा रही है और ऐसे में डिहाइड्रेशन की समस्या होने की संभावना काफी बढ़ सकती है। इसलिए शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी होता है। इसके लिए कच्चे आम से बनने वाली पेय का सेवन करना काफी लाभदायक हो सकता है क्योंकि यह शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ जरूरी पोषक तत्व प्रदान कर सकता है। आइए आज हम आपको कच्चे आम से बनने वाले कुछ स्वादिष्ट पेय की रेसिपीज बताते हैं।

#1

आम का पन्ना

सामग्री: तीन कच्चे आम, दो कप पानी, चार चम्मच चीनी, एक छोटी चम्मच काला नमक, एक छोटी चम्मच जीरे का पाउडर, एक चौथाई छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर और एक बड़ी चम्मच पुदीने पाउडर। रेसिपी: सबसे पहले कच्चे आम को उबालें, फिर इन्हें ठंडा करने बाद छिलें और इसके गूदे को मिक्सी में पीसें। इसके बाद आम की प्यूरी में चीनी और सारे मसाले मिलाएं। अब इस मिश्रण को एक जग में पानी और बर्फ के टुकड़ों के साथ डालें।

#2

रॉ मैंगो मोहितो

सामग्री: आधा कप कच्चे आम का गूदा, एक चम्मच नींबू का रस, एक चौथाई चम्मच काला नमक, शुगर सीरप (स्वादानुसार), आधा कप सोडा और पांच-छह पुदीने की पत्तियां। रेसिपी: सबसे पहले कच्चे आम के गूदे को मिक्सी में पीस लें। अब इसे एक गिलास में छानकर नींबू के रस के साथ मिलाएं, फिर गिलास में काला नमक, बारीक कटी पुदीने की पत्तियां और शुगर सीरप मिलाएं। अंत में इसमें सोडा और बर्फ के टुकड़े डालें और इसका आनंद लें।

#3

रॉ मैंगो मॉकटेल ड्रिंक

सामग्री: तीन चौथाई गिलास कच्चे आम का रस, दो चम्मच नींबू का रस, एक चौथाई चम्मच कद्दूकस की हुई अदरक और चुटकी भर कुटी काली मिर्च। रेसिपी: सबसे पहले तीन चौथाई भरे कच्चे आम के रस के गिलास में नींबू का रस, अदरक और काली मिर्च डालकर उन्हें अच्छे से मिलाएं। अगर आपको ये कम मीठा लग रहा है तो आप इसमें शहद भी मिला सकते हैं। अंत में इस ड्रिंक में बर्फ के कुछ टुकड़े डालकर इसका सेवन करें।

#4

रॉ मैंगो लेमनेड

सामग्री: दो कप कच्चे आम का रस, आधा कप नींबू का रस, आधा कप चीनी, दो कप पानी और कुछ बर्फ के टुकड़े। रेसिपी: सबसे पहले एक जग में कच्चे आम के रस के साथ नींबू का रस मिलाएं। अब एक सॉस पैन में चीनी और एक कप पानी को उबालें और जब यह मिश्रण ठंडा हो जाए तो इसे आम वाले मिश्रण में मिलाएं। इसके बाद इसे गिलास में भरें और बर्फ के कुछ टुकड़े डालकर इसका आनंद लें।