मखाना बनाम मुरमुरे: स्नैकिंग के तौर पर किसका सेवन स्वास्थ्य के लिए है ज्यादा लाभदायक?
क्या है खबर?
जब लोकप्रिय भारतीय स्नैक्स की बात आती है तो मखाना और मुरमुरे, दोनों ही सबसे पसंदीदा विकल्प हैं। ये न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि आसानी से उपलब्ध और किफायती भी हैं।
हालांकि, हाल के वर्षों में लोग स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक हो गए हैं और अपने स्नैक्स का भी सोच समझकर चयन कर रहे हैं।
इससे यह बहस छिड़ गई है कि मखाने या मुरमुरे में से क्या अधिक स्वास्थ्यप्रद विकल्प है?
आइए इसके बारे में जानते हैं।
पोषण
मखाने और मुरमुरे में मौजूद पोषक तत्व
मखाना को कमल के बीज के रूप में भी जाना जाता है। कैलोरी में कम ये प्रोटीन, फाइबर, मैग्नीशियम, पोटेशियम और फास्फोरस का बेहतरीन स्त्रोत है।
इसके अतिरिक्त मखाने एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भी समृद्ध होते हैं, जो इसे समग्र स्वास्थ्य के लिए एक अच्छा स्नैक बनाता है।
दूसरी ओर, मुरमुरे हल्के और कुरकुरे होते हैं। इनमें वसा और कैलोरी कम होती है, लेकिन आवश्यक पोषक तत्व के नाम पर इसमें सिर्फ कार्बोहाइड्रेट की कुछ मात्रा होती है।
फायदे
मखाने और मुरमुरे से मिलने वाले स्वास्थ्य लाभ
मखाने और मुरमुरे से मिलने वाला प्रमुख लाभ है कि इनसे सेवन से वजन नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
मुरमुरे में मौजूद कार्ब्स शरीर को ऊर्जा प्रदान करने में मदद कर सकते हैं, जबकि मखाने में मौजूद प्रोटीन मांसपेशियों का निर्माण करने में मदद कर सकता है।
इसी के साथ मखाने का सेवन पाचन को दुरुस्त रखने और हड्डियों को मजबूती प्रदान करने में भी सहायक हो सकता है।
सेवन
मुरमुरे और मखाने का सेवन कैसे किया जा सकता है?
मुरमुरे चावल से तैयार किया जाने वाला खाद्य पदार्थ है और इसका इस्तेमाल भेलपुरी, पोहा और लड्डू आदि के लिए किया जा सकता है, लेकिन इससे मिठाई बनाते समय चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल करना ज्यादा बेहतर माना जाता है।
दूसरी ओर, मखाने से कई तरह के व्यंजन बनाए जा सकते हैं, लेकिन अगर आप इसे भूनकर या तेल में तलकर खाते हैं तो इससे यह एक अधिक कैलोरी वाला खाद्य पदार्थ बन सकता है।
चयन
मुरमुरे या मखाने में से किसका चयन करना चाहिए?
इन स्नैक्स का चयन आपकी आहार संबंधी आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं पर निर्भर करता है।
अगर आप उच्च पोषण मूल्य वाले कम कैलोरी वाले स्नैक्स की तलाश में हैं तो मखाना बेहतर विकल्प होगा। दूसरी ओर, अगर आप वजन को नियंत्रित करने के लिए हल्का स्नैक्स चाहते हैं तो मुरमुरा अच्छा विकल्प होगा।
हालांकि, अगर किसी को मधुमेह है तो उसके लिए मुरमुरे की जगह मखाने को चुनना बेहतर है क्योंकि यह कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स खाद्य पदार्थ है।