पैकेट बंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय इन 5 बातों का रखें ध्यान, होगा फायदा
क्या है खबर?
पैकिंग के साथ बिकने वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए कंपनियां कई तरह के विज्ञापनों का सहारा लेती हैं। ऐसे में लोग उनकी बातों में आकर पैकेट बंद खाद्य पदार्थ खरीद तो लेते हैं, लेकिन इनमें से कई उतने सेहतमंद नहीं होते हैं, जितना कि विज्ञापनों में बताया जाता है। आइए आज हम आपको पैकेट बंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय ध्यान रखने योग्य बातें बताते हैं ताकि आपको सही चीजें खरीदने में मदद मिले।
#1
सबसे पहले लेबल पढ़ें
पैक्ड फूड्स खरीदने से पहले सबसे पहले उसके लेबल को पढ़ना सबसे जरूरी है। लेबल पर उस खाद्य पदार्थ में मौजूद पोषक तत्वों की मात्रा और इसके सेवन से जुड़ी जानकारी होती है। इसके अलावा लेबल पर यह भी लिखा होता है कि यह खाद्य पदार्थ सेहत के लिए कितना फायदेमंद है। यहां यह भी जान लें कि लेबल पर पोषक तत्वों की मात्रा कितनी होनी चाहिए और कितना सेवन करने से सेहत को फायदा हो सकता है।
#2
शक्कर की मात्रा पर दें ध्यान
यहां ध्यान रखने वाली बात यह है कि पैकेट बंद खाद्य पदार्थों में चीनी की मात्रा अधिक होती है, जो आपके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए किसी भी पैकेट बंद खाद्य पदार्थ को खरीदने से पहले उस पर लिखी चीनी की मात्रा एक बार जरूर देख लें। अगर आपको लगता है कि उस खाद्य पदार्थ में अधिक मात्रा में चीनी है तो उसे खरीदने से बचें।
#3
कृत्रिम स्वाद से बचें
पैक्ड फूड्स में कृत्रिम स्वाद का इस्तेमाल किया जाता है, जो प्राकृतिक स्वाद से कई गुना ज्यादा सस्ते होते हैं। ये स्वाद बढ़ाने का काम करते हैं और इसलिए लोग इन चीजों को खरीद लेते हैं। हालांकि, ये स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए हानिकारक भी साबित हो सकते हैं। इसलिए जब भी आप पैकेट बंद खाद्य पदार्थ खरीदें तो ऐसे खाद्य पदार्थों को खरीदने से बचें, जिनमें कृत्रिम स्वाद और रंग हो।
#4
ट्रांसफैट का रखें ध्यान
ट्रांसफैट एक प्रकार की हाइड्रोजनीकृत चर्बी है, जो पैकेट बंद खाद्य पदार्थों में मौजूद होती है और इसे बनाने के लिए तेल का इस्तेमाल किया जाता है। इसके कारण कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है इसलिए पैकेट बंद खाद्य पदार्थों को खरीदने से पहले ट्रांस फैट की मात्रा जरूर चेक करें। अगर उस खाद्य पदार्थ में ट्रांसफैट की मात्रा कम हो तो ही उसे खरीदें। यह आपके सेहत के लिए फायदेमंद होगा।
#5
समाप्ति तिथि चेक करें
पैकेट बंद खाद्य पदार्थों की समाप्ति तिथि चेक करना भी जरूरी है क्योंकि समाप्ति तिथि से आपको पता चलता है कि उस खाद्य पदार्थ को कब तक इस्तेमाल किया जा सकता है। समाप्ति तिथि को नजरअंदाज करने से आपको स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए किसी भी पैकेट बंद खाद्य पदार्थ को खरीदने से पहले उसकी समाप्ति तिथि जरूर चेक करें।