क्या है अच्छा रिश्ता चलाने का '7-7-7' नियम? इसे अपनाने से साथी के साथ खुश रहेंगे
क्या है खबर?
रोमांस एक ऐसा पहलू है, जो रिश्तों को मजबूत और खास बनाता है। आज की व्यस्त जीवनशैली में जहां काम का दबाव बढ़ गया है, वहीं रोमांस को बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। आज के डेटिंग टिप्स में हम रोमांस के '7-7-7' नियम के बारे में जानेंगे, जो आपके रिश्ते को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकता है। यह नियम आपको अपने साथी के साथ समय बिताने, बातचीत करने और एक-दूसरे को समझने में मदद करेगा।
#1
हर 7 दिन में प्लान करें डेट
इस नियम का पहला 7 हर हफ्ते डेट पर जाने के लिए होता है। यानि कि आपको हर 7 दिनों बाद अपने पार्टनर के साथ एक रोमांटिक डेट पर जाना चाहिए। आप अपनी पसंद और अपने पार्टनर की इच्छा के मुताबिक अपनी डेट प्लान कर सकते हैं। उन्हें डिनर या लंच पर ले जाएं, उनके साथ फिल्म देखने जाएं, खाना बनाने वाली डेट प्लान करें या फिर खेल-कूद आदि का मजा लेने के लिए जाएं।
#2
हर 7 हफ्ते बाद घर से दूर करें कुछ रोमांटिक
इस नियम का जो अगला 7 है, वह कहता है कि आपको हर 7 हफ्तों में एक बार घर से दूर रात बितानी चाहिए। आप नाइट आउट पर जा सकते हैं, लंबी ड्राइव का मजा ले सकते हैं या फिर एक रात के लिए स्टेकेशन पर जा सकते हैं। जरूरी नहीं कि आप इस डेट के लिए ढेर सारे पैसे खर्च करें। आपको इस दौरान वो करने पर ध्यान देना चाहिए, जो आपके रिश्ते को मजबूत करे और प्यार बढ़ाए।
#3
हर 7 महीने में करें यात्रा
इस नियम का आखरी 7 यह बताता है कि आपको अपने पार्टनर के साथ हर 7 महीने में यात्रा पर जरूर जाना चाहिए। इससे आप दोनों केवल एक दूसरे को सारा समय दे सकेंगे और आपको काम-काज की चिंता नहीं सताएगी। एक लंबी रोमांटिक छुट्टी या घूमने-फिरने की योजना बनाएं। इससे न केवल आप दोनों के बीच प्यार बढ़ेगा, बल्कि आप जीवनभर के लिए कई सुहानी यादें भी बना पाएंगे।
अन्य टिप
प्रो टिप- रोजाना 7 मिनट का समय निकालें
हर दिन सिर्फ 7 मिनट का समय निकालें, जो आपके रिश्ते में रोमांस को बढ़ावा दे सके। यह समय केवल बातें करने या रोजमर्रा के कामों में मदद करने के लिए नहीं होना चाहिए, बल्कि एक-दूसरे के साथ बैठकर गहरी बातचीत करने और एक-दूसरे की भावनाओं को समझने का होना चाहिए। इससे न केवल आपका रिश्ता मजबूत होगा, बल्कि आप दोनों के बीच की दूरी भी कम होगी और आप एक-दूसरे के करीब आएंगे।