जहरीले तरबूज बन रहे हैं मौत का कारण, ऐसे करें सही और नकली फल में अंतर
क्या है खबर?
गर्मियों के दौरान तरबूज का सेवन करना सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि यह शरीर को पानी की कमी से बचाता है। हालांकि, कई लोग तरबूज को लेकर असमंजस में रहते हैं कि कहीं यह नुकसानदायक तो नहीं है। इन दिनों बाजार में जहरीले तरबूज भी मिलने लगे हैं, जिन्हें खा कर लोगों की मौत हो रही है। आप इन्हें पहचानने के लिए ये 5 तरीके अपना सकते हैं।
#1
रुई वाला परीक्षण करें
भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने तरबूज की गुणवत्ता जांचने का एक परीक्षण बताया है। इसके लिए आपको टिश्यू पेपर या रुई की जरूरत होगी। इसके लिए तरबूज को काटकर उसका लाल गूदा निकाल लें। साफ रुई या सफेद टिशू पेपर से फल के रसीले, लाल हिस्से पर धीरे से पोंछें या दबाएं। अगर कपास के रंग में हल्का गुलाबीपन दिखाई दे तो तरबूज सही है। लाल रंग दिखने पर वह नकली होता है।
#2
पानी वाली जांच करें
तरबूज सुरक्षित है या नहीं यह जांचने के लिए आप पानी वाला परीक्षण भी कर सकते हैं। इसके लिए तरबूज का एक छोटा टुकड़ा पानी के गिलास में डालें। अगर वह पानी तुरंत लाल हो जाता है, तो यह कृत्रिम रंग की उपस्थिति का संकेत है। वहीं, अगर पानी के रंग में कोई भी बदलाव न दिखे तो समझ जाएं कि वह तरबूज खाने के लिए बिलकुल सुरक्षित है। इसे आप बेफिक्र हो कर खा सकते हैं।
#3
देखकर पता लगाएं
आप देखकर भी इस बात का पता लगा सकते हैं कि तरबूज जहरीला है या नहीं। बहुत ज्यादा चमकीले या चटख लाल रंग के तरबूज खरीदने से बचें, क्योंकि प्राकृतिक तरबूज का रंग हल्का लाल या गुलाबी होता है। तरबूज का ज्यादा चमकदार दिखना कृत्रिम वैक्सिंग या रासायनिक उपचार का संकेत भी हो सकता है। छिलके पर छोटे-छोटे छेद या दरारें देखें, जो कृत्रिम रंगों या कृत्रिम रूप से पकाने वाले पदार्थों के इस्तेमाल का संकेत देती हैं।
#4
ऐसे चुनें सही तरबूज
जब भी आप तरबूज खरीदने जाएं तो कुछ बातों को ध्यान में रखें। तरबूज पर एक गहरे धब्बे को खोजें, जो यह संकेत देता है कि यह फल खुद ही अच्छी तरह पक गया है। तरबूज के छिलके पर छोटी-छोटी जाल जैसी रेखाएं भी नजर आएंगी, जिससे पता चलता है कि वह ज्यादा मीठा होगा। पके हुए तरबूजों की सतह फीकी और मैट होती है। चमकदार या चिकने तरबूज को न खरीदें।