हिमाचल प्रदेश के मंडी में स्थित हैं ये खूबसूरत पर्टयन स्थल, एक बार जरूर जाएं
हिमाचल प्रदेश में स्थित मंडी एडवेंचर प्रेमियों के लिए एक बेहतरीन जगह है। इस जगह को 'छोटी काशी' या 'पहाड़ियों का वाराणसी' के रूप में भी जाना जाता है। यहां की यात्रा के दौरान आप हिमाचली टोपी, पेंटिंग और हस्तशिल्प आदि कई चीजें खरीद सकते हैं। आइये आज हम आपको मंडी में घूमने लायक 5 अद्भुत जगहें बताते हैं, जहां छुट्टियों के दौरान आपको एक बार जरूर जाना चाहिए।
भूतनाथ मंदिर
मंडी में घूमने के लिए सबसे आध्यात्मिक स्थलों में से एक भूतनाथ मंदिर है। यह इस क्षेत्र का सबसे पुराना मंदिर है, जिसे 1520 के दशक में स्थापित किया गया था। यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है और शिवरात्रि के दौरान यहां सैकड़ों भक्त आते हैं। यहां आपको मंदिर के सजावटी मेहराबदार प्रवेश द्वार के सामने शिव और नंदी की मूर्तियां भी मिलेंगी। परिवार के साथ घूमने के लिए यह एक अच्छी जगह है।
रिवालसर झील
रिवालसर झील मंडी जिले में एक पहाड़ी पर समुद्र तल से 1,360 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसे त्सो पेमा लोटस झील के नाम से भी जाना जाता है। यह एक सुंदर चौकोर आकार की झील है, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। हरियाली से घिरी यह झील ईख के तैरते द्वीपों के लिए भी लोकप्रिय है। इस झील के पास 3 हिंदू मंदिर भी स्थित हैं, जहां आप जाकर दर्शन कर सकते हैं।
पराशर झील
पराशर झील प्रकृति प्रेमियों के लिए घूमने के लिए सबसे अच्छी जगहों में से एक है। यह सुंदर और शांत क्रिस्टल-क्लियर झील मंडी से 50 किमी उत्तर में समुद्र तल से 2,730 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। घने देवदार के जंगलों और धौलाधार पर्वतमालाओं से घिरी इस झील के बीच में एक द्वीप है और इसके किनारे पर ऋषि पराशर को समर्पित एक सदियों पुराना शिवालय जैसा मंदिर भी है।
कमलाह किला
कमलाह किला सिकंदर धार पर्वतमाला पर मौजूद है। 17वीं शताब्दी का कमलाह किला समुद्र तल से लगभग 4,800 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसका निर्माण 1625 में राजा सूरज सेन ने करवाया था और इसका नाम कमलाह बाबा नामक संत के नाम पर रखा गया था। मनमोहक दृश्यों के अलावा यहां पर्यटक ट्रैकिंग का आनंद भी ले सकते हैं। देश के इन 5 खूबसूरत और शाही किले को रुख भी जरूर करें।
पंडोह बांध
पंडोह बांध भी मंडी में घूमने के लिए सबसे अच्छे स्थानों में से एक है। इसका निर्माण ब्यास परियोजना के अंतर्गत ब्यास नदी पर 1977 में पूरा हुआ था। इस बांध को जलविद्युत ऊर्जा उत्पन्न करने के लिए बनाया गया था। यह एक खूबसूरत पर्यटन स्थल है, जो निश्चित रूप से आपका मनमोह लेगा। यह सुबह 6:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक खुला रहता है। इस बीच आप यहां कभी-भी जा सकते हैं।