स्कूल या ऑफिस के लिए बनाएं ये पौष्टिक लंच, आसान है रेसिपी
क्या है खबर?
लंच बॉक्स में खाने की ऐसी चीजें होना चाहिए, जो न केवल स्वादिष्ट हो, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद हो, खासकर अगर आप अपने बच्चे के लिए लंच पैक कर रहे हैं या ऑफिस जा रहे हैं तो ऐसे में आपको पोषक तत्वों से भरपूर खान-पान का ध्यान रखना चाहिए। आइए आज हम आपको कुछ ऐसी लंच रेसिपी बताते हैं, जो सेहत और स्वाद का बेहतरीन मेल हैं और इन्हें बनाना भी आसान है।
#1
ओट्स और सब्जियों का उपमा
सबसे पहले ओट्स को थोड़े से तेल में भूनें, फिर इसमें प्याज, टमाटर, गाजर, मटर और शिमला मिर्च डालकर भूनें। इसके बाद इसमें पानी डालें और जब पानी उबलने लगे तो इसमें भुने ओट्स डालकर पकाएं। इसे 5-7 मिनट तक पकाने के बाद गैस बंद कर दें और ऊपर से नींबू का रस और हरा धनिया डालकर गर्मागर्म परोसें। यह लंच बॉक्स के लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।
#2
ब्राउन चावल पुलाव
ब्राउन चावल पुलाव बनाने के लिए सबसे पहले ब्राउन चावल को धोकर 2-3 घंटे के लिए भिगो दें, फिर इसे पानी से निकालकर प्रेशर कुकर में डालें और पानी डालकर पकाएं। जब ब्राउन चावल पक जाएं तो एक पैन में तेल गर्म करके उसमें जीरा, हींग, प्याज, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर और नमक डालकर भूनें। इसके बाद इसमें पके हुए ब्राउन चावल डालकर अच्छी तरह मिलाएं और गर्मागर्म परोसें।
#3
दलिया उपमा
इसके लिए सबसे पहले दलिया को सूखा भून लें, फिर एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें जीरा, करी पत्ते, बारीक कटी हुई प्याज, हरी मिर्च और अदरक डालकर भूनें। इसके बाद इसमें टमाटर, गाजर, हरी मटर, शिमला मिर्च और मसाले जैसे हल्दी, धनिया पाउडर और नमक डालकर मिलाएं। अब इसमें भुना हुआ दलिया डालें और पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसे 10-15 मिनट तक पकाएं और ऊपर से हरा धनिया डालकर गर्मागर्म परोसें।
#4
छोले टिक्की
छोले टिक्की के लिए सबसे पहले छोले को रातभर पानी में भिगोएं और अगली सुबह कुकर में पकाएं। अब थोड़े से उबले हुए छोले को मिक्सी में पीस लें। इसके बाद एक कटोरे में उबले हुए छोले, ब्रेड के टुकड़े, बारीक कटी हुई प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, गरम मसाला, धनिया पाउडर, नमक और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इस मिश्रण से टिक्की बनाकर तेल गर्म करके दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तल लें।