LOADING...
रवीना टंडन के साथ बनेगी कपिल शर्मा की जोड़ी? 'सुई धागा' वाले निर्देशक लगाएंगे दांव
रवीना टंडन के साथ पहली बार दिखेंगे कपिल शर्मा

रवीना टंडन के साथ बनेगी कपिल शर्मा की जोड़ी? 'सुई धागा' वाले निर्देशक लगाएंगे दांव

Mar 02, 2026
11:23 am

क्या है खबर?

कपिल शर्मा अपने 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के जरिए तो दर्शकों का दिल जीत ही रहे हैं। ताजा जानकारी में पता चला है कि उन्होंने एक नई फिल्म के लिए कमर कसना शुरू कर दिया है। दिलचस्प बात तो यह है कि बिना शीर्षक वाली फिल्म में वह पहली बार अभिनेत्री रवीना टंडन के साथ मुख्य किरदार में नजर आएंगे। इसका निर्देशन 'सुई धागा' फेम शरत कटारिया करेंगे। इस खबर ने फैंस को अभी से उत्साहित कर दिया है।

फिल्म

रिश्तों और रोजमर्रा के सपनों के इर्द-गिर्द घूमेगी फिल्म

मिड-डे के मुताबिक, फिल्म का निर्माण नेटफ्लिक्स की डायरेक्ट-टू-डिजिटल पहल के तहत किया जा रहा है। निर्देशक कटारिया को रोजमर्रा की स्थितियों में कॉमेडी और भावनात्मक पहलू खोजने के लिए जाने जाते हैं। उनकी पिछली फिल्में 'दम लगा के हैशा' (2015) और 'सुई धागा: मेड इन इंडिया' (2018) को लोगों ने खूब प्यार दिया है, जिसमें मध्यमवर्गीय भारतीय परिवारों की घरेलू जिंदगी को बखूबी दर्शाया गया था। उनकी नई फिल्म भी रिश्तों और रोजमर्रा के सपनों के इर्द-गिर्द घूमेगी।

शूटिंग

मार्च के आखिरी सप्ताह में शुरू हो जाएगी शूटिंग

रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की तैयारियां जोरों से चल रही हैं जिसमें पहली बार रवीना और कपिल नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि रविवार यानी, 1 मार्च को मुंबई में लुक टेस्ट और औपचारिक शूटिंग की गई थी। प्री-प्रोडक्शन चरण पूरा होने के बाद, इसी महीने के आखिर से फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी। बता दें, कपिल आखिरी बार फिल्म 'किस किसको प्यार करूं 2' में दिखे थे। वहीं, रवीना फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में नजर आएंगी।

Advertisement