LOADING...
पसीने और शरीर की दुर्गंध से परेशान हैं? अपनाएं ये 5 तरीके
पसीने और शरीर की दुर्गंध दूर करने के तरीके

पसीने और शरीर की दुर्गंध से परेशान हैं? अपनाएं ये 5 तरीके

लेखन अंजली
Apr 27, 2026
07:27 pm

क्या है खबर?

गर्मियों के दौरान पसीना आना और शरीर की दुर्गंध का बनना आम है। हालांकि, अगर आप पसीने और दुर्गंध के कारण असहज महसूस करते हैं तो ऐसे में आप कुछ तरीके अपना सकते हैं, जो आपके लिए फायदेमंद हो सकते हैं। आइए आज हम आपको 5 ऐसे तरीके बताते हैं, जिन्हें अपनाकर आप पसीने और दुर्गंध को काफी हद तक नियंत्रित कर सकते हैं और अपने आपको तरोताजा महसूस कर सकते हैं।

#1

रोजाना नहाएं

पसीने और शरीर की दुर्गंध को कम करने के लिए रोजाना नहाना जरूरी है। नहाने से त्वचा पर जमी गंदगी और पसीना साफ हो जाता है। इसके लिए आप हल्के गर्म पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आपके शरीर पर अधिक पसीना आता है तो दिन में दो बार नहाएं। साथ ही नहाने के पानी में गुलाब जल या नींबू का रस मिलाएं। यह त्वचा को तरोताजा रखने के साथ-साथ शरीर की दुर्गंध को भी कम करेगा।

#2

डियोड्रेंट का करें इस्तेमाल

पसीने और दुर्गंध को कम करने के लिए एंटी-ड्रिप डियोड्रेंट का उपयोग करें। यह त्वचा को सूखा रखने में मदद करता है और बैक्टीरिया को पनपने से रोकता है, जो दुर्गंध पैदा कर सकते हैं। इसे नहाने के बाद सूखे अंडरआर्म्स पर लगाएं। इसके अलावा इसे लगाने के बाद कुछ देर तक त्वचा को किसी कपड़े से न रगड़े। इस तरह से आप पसीने की समस्या को कम कर सकते हैं।

Advertisement

#3

हल्के कपड़े पहनें

गर्मियों में ऐसे कपड़े पहनने चाहिए, जो हल्के और ढीले-ढाले हो ताकि त्वचा को हवा लग सके और पसीना सूख सके। सूती कपड़े इस मौसम के लिए सबसे अच्छे होते हैं क्योंकि ये त्वचा को सांस लेने देते हैं और पसीने को जल्दी सोख लेते हैं। इसके अलावा हल्के रंगों के कपड़े पहनें क्योंकि ये सूरज की रोशनी को अधिक अवशोषित नहीं करते हैं और आपको ठंडक का एहसास दिलाते हैं।

Advertisement

#4

पैरों को रखें सूखा

पैरों में अधिक पसीना आने से उनमें दुर्गंध होने लगती है। इससे बचने के लिए अपने पैरों को हमेशा साफ और सूखा रखें। जूते और मोजे पहनने से पहले उन्हें अच्छे से सुखाएं। इसके अलावा अपने जूतों को समय-समय पर बदलते रहें। अगर आपके पैरों में अधिक पसीना आता है तो ऐसे में आप एंटी-फंगल पाउडर या स्प्रे का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस तरह से आप पैरों की दुर्गंध से बच सकते हैं।

#5

खान-पान पर दें ध्यान

खान-पान भी पसीने और दुर्गंध को प्रभावित कर सकता है। मसालेदार, तले-भुने और अधिक तेल वाले खाने का सेवन पसीने को बढ़ा सकता है। इसलिए इन चीजों का सेवन कम करें। इसके अतिरिक्त अधिक चाय-कॉफी जैसी चीजों का सेवन भी पसीने को बढ़ा सकता है। इसके बजाय फल, सब्जियां और पर्याप्त पानी का सेवन करें। इन तरीकों को अपनाकर आप गर्मियों में पसीने और दुर्गंध की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित कर सकते हैं।

Advertisement