गर्मियों में डेनिम मिनी स्कर्ट को ऐसे बनाएं अपने स्टाइल का हिस्सा, आप लगेंगी सबसे खूबसूरत
क्या है खबर?
डेनिम मिनी स्कर्ट गर्मियों के लिए एक शानदार परिधान होती है। इन्हें पहनकर न केवल गर्मी से बचा जा सकता है, बल्कि फैशनेबल भी दिखा जा सकता है। मिनी डेनिम स्कर्ट हर साधारण टॉप को सुंदर बना देती है और हर मौके पर आपको स्टाइलिश दिखा सकती है। चाहे वह दोस्तों के साथ घूमने जाना हो या किसी पार्टी में शामिल होना, डेनिम मिनी स्कर्ट हर जगह जचती है। आज के फैशन टिप्स में इसे स्टाइल करने के तरीके जानें।
#1
टी-शर्ट के साथ स्टाइल करें
डेनिम मिनी स्कर्ट के साथ टी-शर्ट हमेशा से ही एक सदाबहार मेल रहा है। यह लुक न केवल सरल, बल्कि बहुत ही आकर्षक भी लगता है। आप एकल रंग की टी-शर्ट पहन सकती हैं, बशर्ते वह अच्छी फिटिंग वाली हो। इन दिनों महिलाएं बेबी टी के साथ इस बॉटम वियर को पेयर कर रही हैं, जो अच्छी फिटिंग वाली होती हैं। आप चाहें तो इसे ओवरसाइज्ड टी-शर्ट के साथ भी पहन सकती हैं, जिससे आपका लुक काफी कूल लगेगा।
#2
शर्ट के साथ पहनें
गर्मियों में थोड़ा कैजुअल और कूल लुक चाहने वाली महिलाएं डेनिम मिनी स्कर्ट के साथ शर्ट पहन सकती हैं। आउटफिट में जान झोकने के लिए जीवंत रंग वाली शर्ट चुनें, जो धारियों जैसे पैटर्न वाली हो। इसे स्कर्ट के अंदर टक करके पहनने पर शानदार लुक मिल जाएगा। इसके अलावा आप नए चलन वाली कोर्सेट शर्ट के साथ भी इस स्कर्ट का मेल बैठा सकती हैं। पैरों में हील्स पहनकर अपने लुक को पूरा करें।
#3
डिजाइनर टॉप के साथ पेयर करें
महिलाओं के पास एक नहीं, बल्कि कई अलग-अलग तरह के डिजाइनर टॉप होते हैं। डेनिम मिनी स्कर्ट की खासियत यही है कि यह हर तरह के टॉप के साथ अच्छी लगती है। ऐसे में आप इसे अपनी पसंद के किसी भी डिजाइनर टॉप के साथ पहन सकती हैं। ऑफ शोल्डर, रैप अराउंड, हाल्टर नेक, ट्यूब, पेप्लम, कोर्सेट और शार्ट कुर्ती जैसे किसी भी टॉप के साथ इसका मेल अच्छा ही लगेगा।
#4
90 के दशक वाला लुक अपनाएं
90 के दशक में डेनिम मिनी स्कर्ट खास तौर से चलन में हुआ करती थीं। इस दौर में महिलाएं इन्हें टाइट फिटिंग वाली छोटी शर्ट के साथ पहनना पसंद करती थीं। इसके अलावा इन्हें हाल्टर नेक टॉप के साथ भी स्टाइल किया जाता था, जिन पर ट्रेंडी चीजें लिखी हुआ करती थीं। लुक को पूरा करने के लिए स्कर्ट पर एक मोटी बेल्ट लगाई जाती थी और बूट्स पहने जाते थे।