ठंडे देशों के बेहतरीन कंफर्ट पकवान, जिन्हें खाने के बाद बार-बार बनाना चाहेंगे आप
क्या है खबर?
व्यंजनों का चयन करते समय लोग ऐसे व्यंजनों को प्राथमिकता देते हैं, जो उन्हें आराम और सुकून दे सकें। ऐसे व्यंजनों को कंफर्ट भोजन के नाम से भी जाना जाता है। ये व्यंजन स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए फायदेमंद भी होते हैं। आइए आज हम आपको ठंडे देशों के शाकाहारी कंफर्ट भोजन की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें घर पर बनाना आसान है और इनका स्वाद भी बेहतरीन है।
#1
बटरनट स्क्वैश रैवियोली
सबसे पहले एक कटोरे में मैदा और नमक मिलाकर आटा गूंथ लें। फिर इस पर एक कपड़ा ढकें और इसे 15 मिनट के लिए आराम करने दें। अब एक पैन में बटरनट स्क्वैश, नमक, काली मिर्च और पानी डालकर पकाएं, फिर इसे पीस लें। इसके बाद आटे को बेलकर इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटें। फिर इसके आधे हिस्से पर बटरनट स्क्वैश का मिश्रण डालें और इसे मोड़कर बंद करें। अब इसे गर्म पानी में पकाएं और परोसें।
#2
क्रीमी मशरूम पाई
सबसे पहले एक पैन में मक्खन गर्म करें, फिर इसमें लहसुन, प्याज और मशरूम को भूनें। इसके बाद इसमें क्रीम, काली मिर्च, थाइम और थोड़ा नमक मिलाएं। अब एक बड़े कटोरे में मैदा, नमक, और मक्खन मिलाएं और गूंथ लें। इसके बाद आटे को बेलकर पाई के आकार में काटें, फिर इसमें मशरूम वाला मिश्रण डालें। अब इसे ओवन में 30 मिनट तक बेक करें। इसके बाद गर्मा-गर्म पाई को परोसें।
#3
बेक्ड आलू
सबसे पहले ओवन को 220 डिग्री पर गर्म करें। इसके बाद आलू को पानी से धोकर इसे एक बेकिंग ट्रे पर रखकर 45 से 60 मिनट के लिए बेक करें। अब एक कटोरे में मक्खन, ग्रीक दही, नमक और काली मिर्च मिलाएं। इसके बाद बेक किए हुए आलू को बीच से काटकर इसमें मक्खन वाला मिश्रण भरें। आखिर में इसके ऊपर चिप्स, चीज और बारीक कटी हुई पालक डालकर इसे गर्मा-गर्म परोसें।
#4
सेब की पाई
सबसे पहले एक बड़े कटोरे में मैदा, चीनी, नमक और मक्खन मिलाएं, फिर इसमें ठंडा पानी मिलाकर आटे को गूंथ लें। अब आटे को 2 हिस्सों में बांटकर इसे 20 मिनट के लिए फ्रिज में रखें। इसके बाद एक हिस्से को बेलकर पाई के आकार में काटें, फिर इसमें चीनी, दालचीनी और सेब डालें। बाकी आटे को भी बेलकर सेब वाले मिश्रण पर रखें। आखिर में इसे 45 मिनट तक बेक करने के बाद गर्मा-गर्म परोसें।