Page Loader
एडवेंचर और खूबसूरत नजारों का अद्भुत मिश्रण है कामशेत, घूम आएं इसके ये पर्यटन स्थल
कामशेत के पांच बेहतरीन पर्यटन स्थल

एडवेंचर और खूबसूरत नजारों का अद्भुत मिश्रण है कामशेत, घूम आएं इसके ये पर्यटन स्थल

लेखन अंजली
Jul 05, 2022
03:00 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के पुणे से 45 किलोमीटर दूर स्थित कामशेत एक गांव है, जिसे भारत की पैराग्लाइडिंग राजधानी के रूप में जाना जाता है। वैसे यह जगह न केवल एडवेंचर गतिविधियों के शौकीनों के लिए है बल्कि इतिहास प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए भी यह एक आदर्श जगह है। इसके अतिरिक्त, यह गांव सदियों पुरानी बौद्ध गुफाएं समेत खूबसूरत मंदिरों के लिए मशहूर हैं। आइए आज हम आपको इसके पांच सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों के बारे में बताते हैं।

#1

शिंदे वाडी हिल्स

कामशेत का यह पर्यटन स्थल सबसे अच्छे पैराग्लाइडिंग स्थलों में से एक है और यह सूर्योदय और सूर्यास्त के दृश्यों के लिए भी जाना जाता है। यह स्थल समुद्र तल से 100-200 फीट की ऊंचाई पर स्थित हैं, जो पैराग्लाइडिंग के बिगनर्स के लिए एकदम सही है। किंवदंतियों के अनुसार, अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई के दौरान माधवराव शिंदे के सैनिकों ने इस पहाड़ी से गोलीबारी की थी। यही वजह है कि इतिहास प्रेमी भी इस जगह का रुख जरूर करें।

#2

बेडसे गुफाएं

महाराष्ट्र की सबसे पुरानी गुफाओं में से एक बेडसे गुफाएं 60 ईसा पूर्व की हैं। ये रहस्यमयी गुफाएं एक ढलान वाली पहाड़ी जगह पर स्थित हैं। जब भी आप इस जगह पर जाएंगे तो इसमें प्रवेश करते ही आपको चार 25 फीट ऊंचे स्तंभ मिलेंगे, जिनमें घोड़ों की सुंदर और प्राचीन नक्काशी और दीवारों पर हाथी हैं। यहां चैत्य नामक प्राथमिक गुफा के बीच में एक भव्य स्तूप है।

#3

कोंडेश्वर मंदिर

घने जंगल के बीच स्थित कोंडेश्वर मंदिर एक प्राचीन मंदिर है, जो भगवान शिव को समर्पित है और वास्तुकला की सुंदर हेमाडपंथी शैली का प्रतिनिधित्व करता है। आपको इस मंदिर तक पहुंचने के लिए चट्टानी चढ़ाई करनी पड़ेगी। इस मंदिर का निर्माण काले पत्थरों से किया गया है। इस मंदिर के पास एक श्री खतेश्वर महाराज की समाधि, एक झरना और एक सुंदर तालाब है। यहां पर महाशिवरात्रि का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है।

#4

पवन झील

पवन झील उन लोगों के लिए एक बेहतरीन पर्यटन स्थल है, जो छुट्टियों के दौरान किसी शांतिपूर्ण जगह पर जाने का प्लान बना रहे हैं क्योंकि यहां आप कैंपिंग करके शांति से प्रकृति नजारों को अपनी यादों का हिस्सा बना सकते हैं। यह स्थल ऊंची पहाड़ियों से घिरा हुआ है और पूरे साल यहां का मौसम सुखद रहता है। इस झील के पास बहुत खूबसूरत किले जैसे लोहागढ़, तिकोना, विसापुर और तुंगी आदि है, जहां की वास्तुकला आपका मनमोह लेंगी।

जानकारी

भाजे झरना

लोकप्रिय भाजा गुफाओं के पास मौजूद भाजे झरना एक खूबसूरत पर्यटन स्थल है, जो हरियाली और ऊंची चट्टानी पहाड़ियों से घिरी हुई है। आप यहां आकर कैंपिंग कर सकते हैं या ट्रैकिंग का लुत्फ उठा सकते हैं।