गलती से बन गए थे ये शाकाहारी व्यंजन, जानें इनके पीछे की असली कहानी
क्या है खबर?
कई बार ऐसा होता है कि हम बनाने कुछ चलते हैं, लेकिन गलती से कुछ और ही बन जाता है। ऐसे कई शाकाहारी व्यंजन आज के वक्त में सबके पसंदीदा हैं। उन्हें बनाने वालों को पता ही नहीं था कि वे ऐसी रेसिपी बना रहे हैं, जो आगे चलकर लोकप्रिय हो जाएंगी। आज हम आपको ऐसे ही शाकाहारी व्यंजनों के बारे में बताएंगे, जो गलती से बने और आज पूरे देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी मशहूर हैं।
#1
डोसा
डोसा दक्षिण भारत का एक पारंपरिक व्यंजन है, जिसे गलती से बनाया गया था। कहा जाता है कि एक बार एक रसोइये ने इडली बनाने के लिए घोल तैयार किया था, लेकिन इडली बनाने के लिए उसके पास मोल्ड नहीं थे। ऐसे में उन्होंने घोल को फैलाकर तवे पर सेक लिया और यह डोसा बन गया। इसके बाद से यह डोसा बहुत ही मशहूर हो गया और आज यह हर होटल की सूची में शामिल है।
#2
आलू के चिप्स
आलू के चिप्स सभी का पसंदीदा स्नैक है, जो गलती से बन गया था। 1853 में न्यूयॉर्क के 'मून लेक हाउस' में एक बहुत नखरेबाज ग्राहक ने अपने फ्रेंच फ्राइज को बार-बार वापस भेज दिया था, यह कहकर कि वे कुरकुरे नहीं हैं। परेशान हो कर शेफ जॉर्ज क्रम ने आलू को कागज की तरह पतला काटा, उन्हें कुरकुरा होने तक तला और उन पर नमक डाला। ऐसे ही हम सबके पसंदीदा चिप्स ईजाद हुए।
#3
सैंडविच
सैंडविच आज के वक्त में सबसे जल्दी बनने वाला पौष्टिक व्यंजन है और यह भी गलती से ही बना था। ब्रेड के 2 स्लाइस के बीच खाना रखने का चलन 1762 में जॉन मोंटागु ने लोकप्रिय किया था। वह जुए के शौकीन थे और गेमिंग टेबल से उठते नहीं थे। ऐसे में वे अपने शेफ से ब्रेड और सब्जियां आदि मंगवाकर उन्हें एक सैंडविच का रूप देकर खाया करते थे। ऐसे ही यह व्यंजन लोगों के बीच प्रचिलित हो गया।
#4
पाव भाजी
पाव भाजी मुंबई का मशहूर स्ट्रीट फूड है, जिसे गलती से बनाया गया था। कहा जाता है कि एक बार कई लोग एक होटल में एक साथ खाना खाने आए थे। उनके लिए जल्दी खाने की व्यवस्था करने के लिए होटल वालों ने सब्जियों को एक साथ पकाकर उसमें सारे मसाले मिला दिए थे, जिससे पाव भाजी तैयार हो गई थी। ऐसे ही कई होटलों में पाव भाजी बनाई जाती रही और आज यह सबसे मशहूर है।