LOADING...
सिंधी खाने में शामिल हैं ये 4 शाकाहारी व्यंजन, इनका स्वाद आपको आएगा पसंद
शाकाहारी सिंधी व्यंजन

सिंधी खाने में शामिल हैं ये 4 शाकाहारी व्यंजन, इनका स्वाद आपको आएगा पसंद

लेखन सयाली
Mar 28, 2026
06:50 pm

क्या है खबर?

सिंधी खान-पान अपने अनोखे स्वाद और खुशबू के लिए मशहूर है। इसके व्यंजन सिंधी संस्कृति और परंपरा का हिस्सा हैं और इनकी रेसिपी पीढ़ी दर पीढ़ी सिखाई जाती रही है। सिंधी व्यंजन मुख्य रूप से सब्जियों, दालों और मसालों का उपयोग करके बनते हैं। आइए आज हम आपको 4 ऐसे पारंपरिक सिंधी व्यंजनों की रेसिपी बताते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहतमंद भी हैं। इन्हें घर पर बनाना आसान है।

#1

सिंधी कोकी

सिंधी कोकी एक पारंपरिक सिंधी नाश्ता है। यह एक किस्म का पराठा होता है, जो मसालेदार होता है। इसकी खासियत यह है कि यह जल्दी और आसानी से बन जाती है। इसके लिए गेहूं का आटा, बेसन, नमक, घी, दही, पानी, अजवाइन और बेकिंग पाउडर मिलाकर थोड़ा सख्त आटा गूंध लें। अब इस आटे से हाथों की मदद से गोल-गोल पराठे बना लें। इन्हें तवे पर घी लगाकर सेकें और आनंद लेकर खाएं।

#2

दाल पकवान

दाल पकवान सबसे मशहूर सिंधी व्यंजन है। इसके लिए मूंग, चना और हरी मूंग की दाल को अलग-अलग पका लें और मूंग की दाल को मीस लें। चना दाल को हल्का मीसें और उसमें जीरा, हींग और मसालों का तड़का लगा दें। हरी मूंग की दाल में प्याज, मसालों और टमाटर की पियूरी मिलाएं। पकवान बनाने के लिए मैदा, अजवाइन, जीरा, नमक और पानी मिलाकर आटा गूंध लें। इसकी रोटियां बेलकर उनमें छेद करें और कुरकुरा होने तक तलें।

Advertisement

#3

सिंधी कढ़ी

सिंधी कढ़ी दही वाली कढ़ी से अलग होती है, क्योंकि इसमें खास मसाले और सब्जियां शामिल की जाती हैं। इसे बनाने के लिए एक गहरे बर्तन में तेल गर्म करके उसमें जीरा, हींग, मेथी और राई भूनें। इसके बाद इसमें बेसन डालकर मिलाएं और करी पत्ते भी शामिल करें। इसमें गर्म पानी, हल्दी, नमक, लाल मिर्च पाउडर, अदरक, हरी मिर्च और टमाटर की पियूरी मिलाएं। अंत में इसमें भुनी हुई भिंडी, भुना बैंगन, आलू और सहजन डालकर पकने दें।

Advertisement

#4

आलू टुक

आलू टुक बनाने के लिए सबसे पहले आलू को नमक वाले पानी में नरम होने तक उबालें और फिर ठंडा होने पर इन्हें छीलकर काट लें। अब आलू पर थोड़ा नमक छिड़कें और उन्हें तेल में सुनहरा भूरा और कुरकुरा होने तक तल लें। इसके बाद तले हुए आलू के ऊपर अमचूर पाउडर, नमक, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर छिड़ककर इन्हें गर्मा-गर्म परोसें। इन्हें आप स्नैक की तरह या रोटी के साथ खा सकते हैं।

Advertisement