IPL के दौरान स्टेडियम में न करें ये चीजें ले जाने की भूल, नहीं मिलेगा प्रवेश
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वें सीजन जोरों-शोरों से चल रहा है, जो लाखों क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम की ओर ले जा रहा है। इस क्रिकेट महाकुंभ के दौरान देशभर के अलग-अलग स्टेडियम में मैच हो रहे हैं। ऐसे में अगर आप भी IPL के दीवाने हैं और अपनी पसंदीदा टीम के मैच देखने के लिए स्टेडियम जाने वाले हैं तो कुछ चीजों को अपने साथ ले जाने से बचें। इन्हें स्टेडियम में ले जाने की अनुमति नहीं होती है।
#1
खाने-पीने की चीजें
अगर आप IPL मैच देखने स्टेडियम जाने वाले हैं तो अपने साथ खाने-पीने की कोई भी चीजें न ले जाएं। दरअसल, स्टेडियम में खाने-पीने की चीजें पहले से ही उपलब्ध होती हैं, जिन्हें आप बीच-बीच में खरीदकर खा सकते हैं। यहां बाहर से पानी की बोतल तक ले जाने की अनुमति नहीं होती है। स्टेडियम के अंदर भोजन और पानी ले जाना सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित है, ताकि बोतलों, कंटेनरों या थर्मस का उपयोग प्रक्षेपास्त्र के रूप में न हो।
#2
कैमरा
IPL मैच देखते वक्त हर कोई अपने पसंदीदा खिलाड़ियों और अपनी तस्वीरें खींचना चाहता है। हालांकि, इसके लिए केवल अपने मोबाइल का उपयोग करें और स्टेडियम में कैमरा ले जाने की गलती न करें। अगर आप ऐसा करते हैं तो स्टेडियम के सुरक्षा कर्मियों द्वारा आपके कैमरे को जब्त किया जा सकता है। मैच की लाइव फुटेज की अवैध रिकॉर्डिंग को रोकने और प्रसारण अधिकारों से संबंधित सख्त समझौतों का पालन करने के लिए यह नियम बनाया गया है।
#3
धातु का सामान
स्टेडियम में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी तरह का धातु का सामान ले जाना मना है। इसमें चाकू, कैंची, छुरा, हथियार, गैस सिलेंडर, लाइटर, माचिस, पटाखे, तेजाब, बम, खतरनाक रसायन और विस्फोटक चीजें आदि शामिल हैं। इसके अलावा स्टेडियम में किसी भी तरह का खतरनाक सामान, जैसे तेज धार वाले सामान और जहरीले रसायन आदि को भी अपने साथ न ले जाएं। कई स्टेडियम में तो आप सिक्के तक नहीं ले जा सकते।
#4
इस तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अन्य सामान
स्टेडियम में कई तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना मना होता है। इनमें पावर बैंक और लैपटॉप आदि शामिल हैं। इनके अलावा आप स्टेडियम के अंदर आप कोई संगीत यंत्र जैसे गिटार या ढोलक नहीं ले जा सकते। अगर आप अपने साथ वॉलेट ले जाते हैं तो उसमें सिर्फ जरूरी कार्ड, पहचान पत्र और नोट ही रखें। यहां बड़े बैग ले जाना भी मना है। स्टेडियम में हेलमेट और दूरबीन भी ले जाना भी मना है।