स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं ये स्नैक्स, घर पर बनाना है आसान
क्या है खबर?
पतझड़ का मौसम अपने साथ कई बीमारियों को लेकर आता है, लेकिन खान-पान पर ध्यान देकर आप इन बीमारियों से सुरक्षित रह सकते हैं। इसके लिए रोजाना कुछ स्वास्थ्यवर्धक स्नैक्स का सेवन करें। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे स्वास्थ्यवर्धक स्नैक्स की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें घर पर बनाना आसान है और ये आपके शरीर को जरूरी पोषण भी प्रदान कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ये स्नैक्स आपको पतझड़ की सामान्य बीमारियों से भी बचा सकते हैं।
#1
भुने चने का सेवन है फायदेमंद
भुने चने में प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, पोटैशियम, विटामिन-K और विटामिन-B6 जैसे पोषक तत्व होते हैं।
ये पोषक तत्व हड्डियों को ताकत देने, पाचन को ठीक रखने और मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं।
इसके अलावा भुने चने का सेवन इम्यूनिटी को बढ़ाने में भी सहायक हो सकता है। रोजाना 1 मुट्ठी भुने चने खाएं। यह एक स्वादिष्ट और सेहतमंद विकल्प है।
#2
पनीर और पालक की टिक्की
पालक और पनीर में आयरन की अधिकता होती है, जो शरीर में खून की कमी को पूरा कर सकती है।
इसके अतिरिक्त पनीर में मौजूद कैल्शियम हड्डियों को ताकत देने में मदद कर सकता है। लाभ के लिए उबले आलू, पालक, पनीर और अलग-अलग मसालों को मिलाकर टिक्कियों को तैयार करें और फिर इन्हें ओवन में पकाएं।
यह एक स्वादिष्ट और सेहतमंद व्यंजन है।
#3
चना चाट बनाकर खाएं
चना चाट बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरे में उबले हुए काले चने, बारीक कटी प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, ककड़ी, पत्तेदार धनिया और नींबू का रस डालें। अब इस मिश्रण में थोड़ा भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, नमक और चाट मसाला डालकर अच्छे से मिलाएं।
इसके बाद इस मिश्रण पर अनार के दाने डालकर इसे परोसें। यह स्वादिष्ट और सेहतमंद स्नैक है, जो आपको भरपूर ऊर्जा प्रदान करेगा।
#4
पॉपकॉर्न बनाकर खाएं
पॉपकॉर्न को बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें, फिर इसमें थोड़े-से बिना नमक वाले मक्खन के टुकड़े डालें।
अब इसमें थोड़ा नमक और कॉर्न डालकर इसे ढक दें और इसे मध्यम आंच पर पकाएं। जब कॉर्न फूलने लगे तो गैस बंद कर दें।
इसके बाद पॉपकॉर्न को एक कटोरे में निकालकर इसमें थोड़ा काला नमक मिलाएं और इसे गर्मागर्म परोसें। यह एक सरल और स्वादिष्ट विकल्प है।