त्योहारों से पहले रूखी त्वचा को नमी प्रदान करने में सहायक हैं ये घरेलू नुस्खे
क्या है खबर?
इस साल के त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में अगर आपकी त्वचा रूखी है तो त्योहारों के दौरान आपके चेहरे पर नमी की भारी कमी हो सकती है, जिससे आपका चेहरा बेजान और थका हुआ दिख सकता है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे घरेलू नुस्खे बताते हैं, जिनकी मदद से आप अपनी त्वचा को नमी प्रदान कर सकते हैं।
#1
नारियल के तेल से करें मालिश
नारियल का तेल त्वचा को गहराई से पोषण देने के साथ-साथ इसे नम रखने में मदद कर सकता है।
लाभ के लिए रूखी त्वचा पर नारियल का तेल लगाकर 5 से 10 मिनट तक हल्के हाथों से मालिश करें, फिर इसे कुछ देर के लिए ऐसे ही छोड़ दें ताकि त्वचा इसे अच्छे से सोख सके।
इसके अलावा आप इसे रोजमर्रा की गतिविधियों में शामिल कर सकते हैं।
#2
शहद और दूध का मिश्रण लगाएं
शहद और दूध का मिश्रण त्वचा को नमी प्रदान करने के साथ ही इसे मुलायम बना सकता है।
इसके लिए एक कटोरी में शहद और दूध की बराबर मात्रा मिलाएं, फिर इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाकर इसे 10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद गुनगुने पानी में भिगोई हुई तौलिये से चेहरे को साफ कर लें।
इस प्रक्रिया को नियमित रूप से आजमाएं।
#3
जैतून के तेल से करें स्क्रब
जैतून का तेल त्वचा को भरपूर नमी देने में मदद कर सकता है।
इसके लिए पहले एक कटोरी में चीनी, जैतून का तेल और नींबू के रस की बराबर मात्रा मिलाकर स्क्रब तैयार करें। अब इस स्क्रब को अपने चेहरे पर हल्के हाथों से रगड़ें और 5 से 10 मिनट के बाद चेहरे को गुनगुने पानी से साफ कर लें।
यह स्क्रब चेहरे की गंदगी को दूर करने और इसे मुलायम बनाने में भी मदद कर सकता है।
#4
एवोकाडो और जैतून के तेल का मिश्रण लगाएं
एवोकाडो में मौजूद अच्छे तेल त्वचा को भरपूर नमी दे सकते हैं।
लाभ के लिए एक कटोरी में एवोकाडो का गूदे, जैतून के तेल की कुछ बूंदें और हल्दी का पाउडर मिलाकर पेस्ट बना लें। अब इस मिश्रण को चेहरे पर लगाएं और इसे 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें, फिर गुनगुने पानी से चेहरा साफ कर लें।
इस प्रक्रिया से चेहरे पर निखार आ सकता है।
#5
बादाम के तेल और गुलाब जल का मिश्रण लगाएं
बादाम के तेल में मौजूद विटामिन और गुलाब जल में मौजूद खासियतें त्वचा को भरपूर नमी देने के साथ ही इसे मुलायम बना सकते हैं।
लाभ के लिए एक कटोरी में बादाम का तेल और गुलाब जल की बराबर मात्रा मिलाकर मिश्रण तैयार करें, फिर इसे अपने चेहरे पर लगाएं और इसे रातभर के लिए ऐसे ही छोड़ दें।
सुबह उठकर चेहरे को पानी से साफ कर लें। यह तरीका नियमित रूप से अपनाएं।