मानसून के दौरान तरोताजा रखने में मदद कर सकते हैं ये पेय, जानिए रेसिपी
क्या है खबर?
मानसून के दौरान उमस और पसीने के कारण शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिससे डिहाइड्रेशन की समस्या होने की संभावना बढ़ जाती है। इस मौसम में डिहाइड्रेशन से सुरक्षित रहने के लिए तरल पदार्थों का सेवन करना लाभदायक हो सकता है। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे पेय की रेसिपी बताते हैं, जिनका सेवन मानसून के दौरान करना सुरक्षित और फायदेमंद हो सकता है और ये आपको तरोताजा रखने में भी मदद कर सकते हैं।
#1
नारियल पानी
नारियल पानी में प्राकृतिक लवण और मिठास होती है, जो शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद कर सकता है। इसके अलावा, नारियल पानी में कैलोरी कम होती है, इसलिए यह वजन घटाने वालों के लिए भी फायदेमंद होता है। नारियल पानी बनाने के लिए सबसे पहले एक नारियल को छेद करके उसका पानी निकाल लें, फिर इसे एक बोतल में भरकर पीएं।
#2
कच्चे आम का पना
कच्चे आम का पना विटामिन-C का अच्छा स्रोत है, जो शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता को बढ़ाने में मदद कर सकता है। इसमें खट्टा-मीठा स्वाद होता है, जो गुर्दे की पथरी को बढ़ने से रोक सकता है। कच्चे आम का पना बनाने के लिए सबसे पहले कच्चे आम को उबालें, फिर इसे ठंडा करके छिलें और इसके गूदे को मिक्सी में पीसें। अब इस गूदे को पानी, जीरा पाउडर, काला नमक और शक्कर मिलाएं।
#3
हरी चाय
हरी चाय में ऐसे तत्व होते हैं, जो शरीर को हाइड्रेटेड रखने और विषैले तत्वों को बाहर निकालने में मदद कर सकते हैं। इसमें थोड़ी मात्रा में कैफीन भी होती है, जो आपको ऊर्जावान महसूस करवा सकती है। लाभ के लिए एक कप पानी को गर्म करें, फिर उसमें एक चम्मच हरी चाय डालकर इसे छान लें। इस चाय को स्वादिष्ट बनाने के लिए आप इसमें शहद या नींबू का रस मिला सकते हैं।
#4
छाछ
छाछ पेट की समस्याओं को ठीक रखने के साथ-साथ शरीर को ठंडक देने और हाइड्रेटेड रखने में मदद कर सकती है। यह पेय विटामिन-B, विटामिन-C, कैल्शियम, प्रोटीन और आयरन से भरपूर होता है। इसे बनाने के लिए एक कटोरी दही को पानी के साथ मिलाकर अच्छे से फेंट लें। अब इसमें थोड़ा-सा भुना जीरा पाउडर, काला नमक और बर्फ के टुकड़े डालकर इसका सेवन करें।
#5
पुदीने की लस्सी
पुदीने की लस्सी न केवल पेट को ठंडक पहुंचाती है, बल्कि इसमें मौजूद पुदीने की तासीर और अन्य पोषक तत्व मिलकर शरीर को कई लाभ प्रदान कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक मिक्सी में पुदीने की पत्तियां और थोड़ा पानी डालकर पीस लें, फिर मिश्रण को एक गिलास में छानकर उसमें दही, शक्कर, भुना जीरा पाउडर और काला नमक डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इस पेय को ठंडा करके पीएं।