गर्मियों में बनाकर पीएं लीची से बने ये पेय, बुझेगी प्यास और आएगी ताजगी
क्या है खबर?
गर्मियों के दौरान लीची का सेवन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है और इस मौसम में यह आसानी से मिल भी जाती है। इसमें पानी और विटामिन-C प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो ठंडक, ताजगी और हाइड्रेशन देते हैं। आप इस फल का इस्तेमाल करके कई लजीज पेय तैयार कर सकते हैं, जो शरीर को ताजगी से भर देंगे। आज हम आपको लीची से बनाए जाने वाले कुछ पेय की रेसिपी बताएंगे, जिन्हें आप घर पर तैयार कर सकते हैं।
#1
लीची की लस्सी
लीची की लस्सी बनाने के लिए सबसे पहले एक मिक्सर में एक कप दही, एक कप छिली और बीज रहित लीची, 2-3 बड़े चम्मच चीनी और एक चुटकी इलायची पाउडर डालकर अच्छे से पीस लें। अब इस मिश्रण को एक गिलास में डालें और इसके ऊपर बारीक कटे बादाम और पिस्ता सजाकर परोसें। आप चाहें तो इसमें बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं। मिक्सर की जगह इसे हाथों से मथकर भी बनाया जा सकता है।
#2
लीची की मॉकटेल ड्रिंक
लीची की मॉकटेल ड्रिंक बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में एक कप चीनी और आधा कप पानी डालकर चाशनी बनाएं। इसके बाद इसमें कुछ नींबू के टुकड़े डालें। अब इसमें पुदीने की कुछ पत्तियां डालकर इसे ठंडा होने दें। अब इस चाशनी में एक कप लीची का रस मिलाएं। इसके बाद एक गिलास में बर्फ के टुकड़े डालें, फिर इसमें सोडा डालें और इसके ऊपर लीची का रस डालकर परोसें।
#3
लीची का शरबत
लीची का शरबत सबसे जल्दी और आसानी से बनने वाला पेय है। इसे बच्चों के साथ-साथ बड़े भी चाव से पीते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक मिक्सर में 2 कप छिली हुई लीची, आधा कप नींबू का रस, एक कप चीनी और 2 कप पानी डालकर अच्छे से पीस लें। अब इस मिश्रण को एक जग में डालकर इसमें थोड़ा-थोड़ा नींबू का रस मिलाएं। इसके बाद इस पेय में बर्फ के टुकड़े डालें और इसे ठंडा-ठंडा परोसें।
#4
लीची की आइस्ड टी
गर्मियों में लीची की आइस्ड टी पी कर आपको ताजगी और भरपूर हाइड्रेशन मिल सकता है। इसके लिए सबसे पहले 2 कप पानी में चीनी डालकर उबालें, फिर इसमें 3-4 चाय की थैलियां डालें और इसे ठंडा होने दें। अब इसमें एक कप नींबू का रस और एक कप लीची का रस डालें। इसके बाद इस मिश्रण को बर्फ के टुकड़ों के साथ परोसें। आप चाहें तो इसमें पुदीने की पत्तियां भी डाल सकते हैं।