गर्मियों के दौरान तरोताजा रखने में मदद कर सकते हैं इमली के ये 5 स्वादिष्ट पेय
क्या है खबर?
गर्मियों में शरीर को ठंडा और तरोताजा रखना बहुत जरूरी होता है। इसके लिए इमली के पेय का सेवन फायदेमंद हो सकता है। इमली में पोटेशियम, कैल्शियम, फास्फोरस, विटामिन-C और एंटी-ऑक्सीडेंट्स जैसे कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं। ये शरीर को ठंडक देने के साथ कई स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान कर सकते हैं। आइए आज हम आपको इमली के 5 स्वादिष्ट पेय की कुछ रेसिपी बताते हैं, जिन्हें घर पर आसानी से बनाकर आप गर्मियों में राहत पा सकते हैं।
#1
इमली की लस्सी
इमली की लस्सी बनाने के लिए सबसे पहले थोड़ा पानी, गुड़ और इमली का गूदा एक साथ पीस लें। अब एक गिलास में दही, थोड़ा इलायची पाउडर, थोड़ा जायफल पाउडर, थोड़ा केसर और पिसा हुआ मिश्रण डालकर अच्छे से मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण में बर्फ के टुकड़े डालें और इसे ठंडा-ठंडा परोसें। यह स्वादिष्ट और पौष्टिक लस्सी पीने में बहुत ही लाजवाब होती है और यह आपको गर्मियों में तरोताजा रख सकती है।
#2
इमली का पानी
इमली का पानी बनाने के लिए एक पैन में एक कप पानी गर्म करें, फिर इसमें इमली का गूदा डालकर मिलाएं। अब इसमें स्वादानुसार शक्कर, एक चुटकी काला नमक और आधा चम्मच भुना जीरा डालकर मिलाएं। इसके बाद मिश्रण को छान लें और इसमें बर्फ के टुकड़े डालकर इसे ठंडा करके परोसें। यह पेय न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि यह शरीर को तरोताजा रखने में भी मदद कर सकता है।
#3
इमली की शिकंजी
इमली की शिकंजी बनाने के लिए एक पैन में एक कप पानी गर्म करें, फिर इसमें इमली का गूदा डालकर मिलाएं। अब इसमें स्वादानुसार शक्कर, एक चुटकी काला नमक और आधा चम्मच भुना जीरा डालकर मिलाएं। इसमें ताजगी भरे स्वाद के लिए पुदीने की पत्तियां भी शामिल कर दें। इसके बाद मिश्रण को छानकर गिलास में डालें और ठंडा-ठंडा परोसें। यह पेय खट्टा-मीठा होगा, जो आसानी से गर्मी को मात दे सकेगा।।
#4
इमली और अदरक का शरबत
इमली और अदरक का स्वाद एक साथ मिलकर एक बेहतरीन पेय पेश कर सकता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में पानी गर्म करें और उसमें इमली का गूदा डालकर उबाल लें। इसमें घिसी या कूटी हुई अदरक भी शामिल करें और उबाल आने दें। इसमें काला नमक, भुने जीरे का पाउडर और इलायची पाउडर शामिल करके गैस बंद कर दें। शरबत के ठंडा होने के बाद उसे छानें और बर्फ डालकर पिएं।
#5
इमली की छाछ
इमली की छाछ बनाने के लिए एक पैन में थोड़ा पानी गर्म करें, फिर इसमें इमली का गूदा डालकर मिलाएं। अब इसमें दही, नमक, भुना जीरा पाउडर और हरी मिर्च का पेस्ट डालकर मिलाएं। इसके बाद मिश्रण को छान लें और इसमें बर्फ के टुकड़े डालकर इसे ठंडा-ठंडा परोसें। यह पेय न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि यह शरीर को ठंडक देने में भी मदद कर सकता है। इसे पीने से पेट का स्वास्थ्य दुरुस्त रहता है और ताजगी मिलती है।