पतझड़ के मौसम की शाम के लिए बेहतरीन हैं ये 5 गर्मागर्म पेय, आसान हैं बनाना
क्या है खबर?
पतझड़ का मौसम आते ही धीरे-धीरे सर्दी भी आने लगती है। सर्दी में कई बार ठंड के कारण बाहर जाना या कुछ काम करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में लोग घर के अंदर रहकर या तो सोते रहते हैं या फिर कुछ न कुछ खाते रहते हैं। हालांकि, सर्दी में गर्म पेय का सेवन करना भी फायदेमंद है। आइए आज हम आपको 5 ऐसे गर्मागर्म पेय की रेसिपी बताते हैं, जो सर्दी से राहत दिला सकते हैं।
#1
अदरक की चाय
अदरक की चाय बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में एक कप पानी डालकर गर्म करें, फिर इसमें एक छोटी चम्मच चायपत्ती डालें और जब पानी में उबाल आने लगे तो आधी चम्मच दालचीनी पाउडर और एक चौथाई छोटी चम्मच इलायची पाउडर डालें।
इसके बाद इसमें थोड़ा कदूकस किया हुआ अदरक और स्वाद के अनुसार शहद मिलाएं। अब इस चाय को एक कप में छानकर डालें और गर्मागर्म पिएं।
#2
केसर वाला दूध
केसर वाला दूध बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में एक कप दूध गर्म करें, फिर उसमें एक चुटकी केसर और थोड़ा-सा इलायची पाउडर मिलाएं। अब इस मिश्रण को धीमी आंच पर 5-10 मिनट तक पकाएं।
इसके बाद इसमें स्वाद के अनुसार शक्कर मिलाकर फिर से 5 मिनट तक पकाएं। जब दूध गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें और इसे एक गिलास में डालकर गर्मागर्म पीएं।
#3
हल्दी वाला दूध
हल्दी वाला दूध बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में एक कप दूध डालकर गर्म करें, फिर इसमें एक चुटकी हल्दी, एक चुटकी काली मिर्च का पाउडर और थोड़ा-सा दालचीनी का पाउडर मिलाएं। अब इस मिश्रण को धीमी आंच पर 5-10 मिनट तक पकाएं।
इसके बाद इसमें स्वाद के अनुसार शक्कर मिलाकर फिर से 5 मिनट तक पकाएं। जब दूध गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें और इसे एक गिलास में डालकर गर्मागर्म पीएं।
#4
मसाला चाय
सबसे पहले एक पैन में पानी को गर्म करें, फिर इसमें चायपत्ती डालें और जब इसमें उबाल आ जाए तो इसमें थोड़ी दालचीनी, इलायची, अदरक और लौंग डालकर इसे धीमी आंच पर 5 मिनट तक पकाएं।
अब इसमें थोड़ा दूध और स्वाद के अनुसार शक्कर डालें और इसे फिर से कुछ देर तक पकाएं। जब चाय अच्छे से पक जाए तो गैस बंद करके इसे एक कप में छानकर डालें और गर्मागर्म पीएं।
#5
बादाम का दूध
सबसे पहले एक बर्तन में बादाम को रातभर के लिए पानी में भिगोकर छोड़ दें। अगली सुबह बादाम को छीलकर मिक्सी में पीसें, फिर इस पेस्ट को एक पैन में दूध के साथ डालें। इसके बाद इसमें शहद, जायफल, केसर और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
अब इस मिश्रण को धीमी आंच पर पकाएं और जब यह गाढ़ा हो जाए तो इसे गर्मागर्म परोसें।