सावन के दौरान खाए जा सकते हैं ये 5 स्वास्थ्यवर्धक स्नैक्स, जानिए रेसिपी
क्या है खबर?
इस साल सावन का महीना 29 जुलाई से शुरू हो चुका है और यह 28 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान कई लोग सोमवार को व्रत रखते हैं, लेकिन व्रत के दौरान खान-पान से जुड़ी गलतियां करना आम है। अगर आप व्रत रखते हैं तो आपको भूख और प्यास का ध्यान रखना चाहिए और फलों समेत कुछ स्नैक्स का सेवन करना चाहिए। आइए आज हम आपको 5 ऐसे स्नैक्स की रेसिपी बताते हैं, जो व्रत में खाने के लिए बेहतरीन हैं।
#1
साबूदाना टिक्की
इसके लिए सबसे पहले साबूदाना को धोकर पानी में भिगो दें, फिर आलू को उबालकर छीलें और मैश कर लें।
अब एक पैन में घी गर्म करके उसमें मूंगफली को भूनें, फिर इसमें साबूदाना, आलू, हरी मिर्च और सेंधा नमक मिलाकर इसे 5 मिनट तक पकाएं।
इसके बाद इस मिश्रण को ठंडा करके टिक्की का आकार दें। अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करके इसमें टिक्की को सुनहरा होने तक तलें। फिर इसे गर्मागर्म परोसें और स्वाद का आनंद लें।
#2
मखाना चाट
सबसे पहले मखानों को घी में भूनें, फिर इन्हें एक कटोरे में निकालकर इसमें उबले आलू, टमाटर, हरी मिर्च, पत्तेदार धनिया, सेंधा नमक, काली मिर्च का पाउडर, इमली की चटनी और धनिये-पुदीने की चटनी मिलाएं।
अब इसे अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद इस पर अनार के दाने और सेव डालकर इसे परोसें। इस तरह आप मखाने से कुछ नया बना सकते हैं।
#3
आलू के चिप्स
सबसे पहले एक बड़े कटोरे में पानी और नमक मिलाकर उसमें आलू के पतले-पतले टुकड़े डालें और 20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और आलू के टुकड़ों को इसमें सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें।
अब एक पेपर टॉवल पर चिप्स को निकालें। आप चाहें तो इन पर सेंधा नमक के साथ-साथ काली मिर्च आदि डालकर भी खा सकते हैं।
#4
कच्चे केले की टिक्की
सबसे पहले कच्चे केले को उबालकर छीलें और मैश कर लें। अब एक पैन में घी गर्म करके उसमें हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट, मैश किए हुए केले, काली मिर्च पाउडर और सेंधा नमक मिलाकर इसे 5 मिनट तक पकाएं। इसके बाद इस मिश्रण को ठंडा करके टिक्की का आकार दें।
अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करके इसमें टिक्की को सुनहरा होने तक तलें, फिर इसे गर्मागर्म परोसें और स्वाद का आनंद लें।
#5
गुड़ और मूंगफली की चिक्की
सबसे पहले एक पैन में थोड़ी-सी मूंगफली भूनकर उन्हें एक प्लेट में निकाल लें।
अब एक पैन में गुड़ और पानी को मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं और जब गुड़ पूरी तरह से पिघल जाए तो इसमें मूंगफली डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
इसके बाद इस मिश्रण को एक थाली में फैलाकर ठंडा होने दें, फिर इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। आपकी गुड़ और मूंगफली की चिक्की तैयार है।