LOADING...
गर्मियों से राहत दिलाएंगे ये 5 फूलों से बनाए जाने वाले पेय, लाजवाब होता है स्वाद
फूलों से बने पेय

गर्मियों से राहत दिलाएंगे ये 5 फूलों से बनाए जाने वाले पेय, लाजवाब होता है स्वाद

लेखन सयाली
May 02, 2026
12:44 pm

क्या है खबर?

गर्मियों में ठंडे-ठंडे पेय का सेवन न केवल ताजगी प्रदान करता है, बल्कि शरीर को हाइड्रेटेड रखने में भी मदद करता है। अगर आप हर बार एक ही तरह के पेय बनाते हैं तो इस बार कुछ नया आजमाएं। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे पेय की रेसिपी बताते हैं, जो फूलों से बनाए जाते हैं। इनका स्वाद इतना अनोखा और बेहतरीन होता है कि एक बार पीने के बाद आप इन्हें बार-बार बनाना चाहेंगे।

#1

अपराजिता की मॉकटेल

अपराजिता के फूलों से एक खास मॉकटेल बनती है, जो रंग बदल सकती है। इसे बनाने के लिए पहले अपराजिता के फूलों को कुछ मिनट पानी में उबालें, ताकि पानी में उसका रंग और स्वाद घुल जाए। अब एक गिलास में इस पानी को शामिल करें और नींबू, पुदीना, काला नमक और चीनी मिलाएं। इसमें पानी या सोडा डालें और बर्फ भी डाल दें। नींबू का रस डालने से यह पेय बैंगनी हो जाएगा और उसके बिना नीला रहेगा।

#2

गुलाब का कूलर

सबसे पहले एक बर्तन में गुलाब की पंखुड़ियों को चीनी के साथ डालकर अच्छी तरह से मिलाएं, फिर इस मिश्रण को 5-7 मिनट तक पकाएं। अब इसमें पानी डालकर एक उबाल आने दें। इसके बाद इस मिश्रण को छानकर एक जग में डालें, फिर इसमें नींबू का रस और सोडा मिलाकर इसे परोसें। गुलाब के कूलर को और अधिक लजीज बनाने के लिए आप इसमें बर्फ के टुकड़े और पुदीने की पत्तियां डाल सकते हैं।

Advertisement

#3

चमेली की लस्सी

सबसे पहले एक मिक्सी जार में दही, चीनी, पानी, इलायची का पाउडर और चमेली के फूल डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। अब इस मिश्रण को एक जग में छानकर इसमें बर्फ के टुकड़े और पुदीने की पत्तियां डालें, फिर इसे परोसें। जहां इस पेय का स्वाद बेहतरीन है, वहीं यह पेय आपके शरीर को ठंडक देने के साथ हाइड्रेटेड रखने में मदद कर सकता है। इस लस्सी का आनंद लें और गर्मियों को खुशनुमा बनाएं।

Advertisement

#4

केवड़ा शरबत

सबसे पहले एक पैन में पानी और चीनी को डालकर इसे उबालें, फिर इसमें केवड़ा का तेल डालकर गैस बंद कर दें। अब इसमें नींबू का रस मिलाएं और इसे ठंडा करने के लिए फ्रिज में रख दें। ठंडा होने के बाद इसे गिलास में बर्फ के टुकड़ों के साथ डालकर परोसें। यह पेय आपकी प्यास को आसानी से बुझाने के साथ आपको तरोताजा महसूस करवाने में भी मदद कर सकता है।

#5

गुड़हल की आइस्ड टी

अगर आप चाय पीने के शौकीन हैं तो एक बार गुड़हल की आइस्ड टी आजमाकर देखें। इसके लिए पहले एक पैन में पानी डालकर उसमें गुड़हल के फूल को उबालें। जब पानी का रंग बदल जाए तो उसमें चाय की पत्ती शामिल करें और ठंडा होने दें। गिलास में बर्फ, नींबू का रस, काला नमक और तैयार मिश्रण शामिल करें। इसमें चुटकी भर इलायची पाउडर डालें और मजे से इसका सेवन करें।

Advertisement