गर्मियों से राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं ये 5 व्यंजन, जानिए रेसिपी
क्या है खबर?
गर्मियों में बाहर का खाना खाने से बचने की सलाह दी जाती है क्योंकि ये सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। हालांकि, अगर आप घर पर स्वादिष्ट और सेहतमंद व्यंजनों को बनाकर खा सकते हैं तो गर्मियों में भी मौसमी व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं। आइए आज हम आपको 5 ऐसे व्यंजनों की रेसिपी बताते हैं, जो गर्मियों के दौरान बनाना आसान है और स्वाद में बेहतरीन हैं।
#1
आम पन्ना
सबसे पहले 2 कच्चे आम को उबालकर उनका छिलका उतारें, फिर उन्हें मिक्सी में थोड़ा पानी के साथ पीसकर पेस्ट बना लें। अब एक पैन में 1/4 कप पानी और 1/4 कप चीनी को मिलाकर चाशनी बनाएं, फिर इसमें नमक, भुना जीरा पाउडर, काला नमक और थोड़ा पुदीने का पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद इसमें आम का पेस्ट मिलाएं। अब इसे एक बोतल में भरकर फ्रिज में रखें और जब मन करें, इससे ठंडा-ठंडा आम पन्ना परोसें।
#2
आम की लस्सी
सबसे पहले 2 कटे आम के टुकड़े, 1 कप दही, 2 बड़ी चम्मच चीनी और 1/4 छोटी चम्मच इलायची पाउडर को मिक्सी में डालकर पीसें। अब इस मिश्रण को 1 गिलास पानी के साथ मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को गिलास में डालकर इसके ऊपर बर्फ के टुकड़े डालें। आखिर में लस्सी के गिलास में थोड़ा कटे आम डालकर इसे परोसें। यह लस्सी गर्मियों में ताजगी और मिठास का अनोखा मेल है।
#3
जामुन का चिया कूलर
सबसे पहले एक जार में 1 कप पानी, 2 बड़ी चम्मच चिया बीज, 1 कप जामुन का गूदा और शहद या मेपल सिरप (स्वादानुसार) मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को 30 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। समय पूरा होने के बाद इस मिश्रण को एक गिलास में डालें, फिर इसमें बर्फ के टुकड़े डालकर इसे परोसें। आप चाहें तो इस पेय में थोड़ा नींबू का रस और पुदीने की पत्तियां भी मिला सकते हैं।
#4
खरबूजे का शरबत
सबसे पहले खरबूजे को छिलकर उसके छोटे-छोटे टुकड़े काट लें, फिर इन्हें मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना लें। अब एक गिलास में 1 बड़ी चम्मच खरबूजे का पेस्ट, 1 छोटी चम्मच शक्कर, चुटकी भर काला नमक और 1/4 छोटी चम्मच भुना जीरा पाउडर को डालकर अच्छे से मिला लें। इसके बाद इसमें ठंडा पानी भरें और बर्फ के टुकड़े डालकर इसका सेवन करें। यह शरबत गर्मियों में ताजगी का एहसास दिलाता है।
#5
केसर पिस्ता कुल्फी
सबसे पहले एक बर्तन में दूध को उबालें, फिर उसमें केसर डालें और दूध को गाढ़ा होने तक पकाएं। अब इसमें चीनी डालकर मिलाएं और गैस बंद कर दें। इसके बाद मिश्रण को ठंडा करके इसमें पिसे हुए पिस्ते डालें और कुल्फी के सांचे में भरकर ठंडा होने के लिए रखें। जब कुल्फी जम जाए तो इसे सांचे से निकालकर परोसें। यह कुल्फी न केवल स्वादिष्ट है बल्कि इसमें मौजूद केसर और पिस्ता सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं।