बिना ओवन का इस्तेमाल किए घर पर आसानी से बनाएं ये 5 डेजर्ट्स
क्या है खबर?
आजकल कई लोग गर्मियों के दौरान ओवन का इस्तेमाल करने से बचते हैं, क्योंकि इससे काफी गर्मी निकलती है। हालांकि, ऐसे लोग भी हैं, जो बिना ओवन के डेजर्ट्स का आनंद लेना चाहते हैं। अगर आप भी इसी तरह के लोग हैं, तो आइए आज हम आपको 5 ऐसे डेजर्ट्स की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें बनाने के लिए आपको ओवन की जरूरत नहीं पड़ेगी।
#1
चॉकलेट मूस
सबसे पहले एक कटोरे में डार्क चॉकलेट और दूध को एक साथ मिलाकर पिघलाएं, फिर इस मिश्रण को ठंडा होने दें। अब एक अलग कटोरे में क्रीम को तब तक फेंटें जब तक कि वह गाढ़ी न हो जाए। इसके बाद इसमें चीनी और वेनिला एसेंस मिलाएं। इसके बाद ठंडी चॉकलेट वाले मिश्रण को क्रीम में डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इस तैयार मूस को कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रखें, फिर इसे परोसें।
#2
चॉकलेट मटका कुल्फी
सबसे पहले एक पैन में दूध को गाढ़ा होने तक पकाएं, फिर इसमें चीनी, कोको पाउडर, कॉर्नफ्लोर और इलायची का पाउडर मिलाएं। अब इस मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक कि यह गाढ़ा न हो जाए। इसके बाद इस मिश्रण को एक कटोरे में डालकर ठंडा होने के लिए रखें। अब इस मिश्रण को मटकों में भरकर 4-5 घंटे के लिए फ्रिज में रखें। अंत में कुल्फी को मटकों से निकालकर परोसें।
#3
खजूर का हलवा
सबसे पहले खजूर को बीज निकालकर मिक्सी में पीस लें। अब एक पैन में देसी घी गर्म करके उसमें बादाम, काजू और किशमिश डालकर भूनें, फिर इसमें खजूर का पेस्ट मिलाएं और अच्छे से मिलाकर पकाएं। इसके बाद मिश्रण में दूध डालकर इसे गाढ़ा होने तक पकाएं। अब इसमें इलायची का पाउडर और चीनी मिलाएं और जब तक कि मिश्रण पूरी तरह से गाढ़ा न हो जाए, तब तक इसे लगातार चलाते रहें। अंत में गर्मागर्म हलवे को परोसें।
#4
आम की खीर
सबसे पहले चावल को कुछ देर पानी में भिगोएं, फिर एक पैन में दूध डालकर उबालें और उसमें चावल डालें। इसके बाद इसमें चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इस मिश्रण में इलायची का पाउडर डालें और अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद इसमें कटे हुए आम डालें और कुछ मिनट तक पकाएं। अंत में इस पर काजू और किशमिश डालकर अच्छे से इसे परोसें।
#5
पाइनएप्पल बर्फी
सबसे पहले एक पैन में देसी घी गर्म करें और उसमें कसा हुआ अनानास डालकर इसे अच्छे से भूनें। इसके बाद इसमें दूध डालकर इसे अच्छी तरह मिलाएं और इसे तब तक पकाएं जब तक कि यह गाढ़ा न हो जाए। अब इसमें चीनी, इलायची का पाउडर और काजू मिलाएं, फिर इस मिश्रण को एक थाली में फैलाकर ठंडा होने दें। अंत में इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर परोसें।