LOADING...
दही से बनाए जा सकते हैं ये 5 स्ट्रीट फूड, एक बार जरूर चखें इनका स्वाद
दही से बनने वाले भारतीय स्ट्रीट फूड

दही से बनाए जा सकते हैं ये 5 स्ट्रीट फूड, एक बार जरूर चखें इनका स्वाद

लेखन सयाली
Apr 11, 2026
05:36 am

क्या है खबर?

दही एक ऐसा डेयरी उत्पाद है, जो न केवल स्वाद में बेहतरीन है, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। यह प्रोटीन, कैल्शियम और कई जरूरी विटामिन का अच्छा स्रोत है। आमतौर पर दही का इस्तेमाल दही वड़ा, रायता और लस्सी जैसे पारंपरिक व्यंजनों में किया जाता है। आज हम आपको कुछ ऐसे भारतीय स्ट्रीट फूड की रेसिपी बताने वाले हैं, जिन्हें दही से आसानी से बनाया जा सकता है।

#1

दही के शोले

दही के शोले एक बेहतरीन नाश्ता है, जिसे आप शाम के समय खा सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले 2 कप दही को एक मलमल के कपड़े में बांधकर 2-3 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। इससे दही का पानी निकल जाएगा। अब एक कटोरे में दही, बारीक कटी पसंद की सब्जियां, पनीर, काला नमक, काली मिर्च का पाउडर और भुना जीरा पाउडर मिलाएं। इस मिश्रण को ब्रेड में भरें और रोल बनाकर तल लें।

#2

दही पापड़ी चाट

दही पापड़ी चाट एक लोकप्रिय भारतीय स्ट्रीट फूड है, जिसे आप किसी भी समय बना सकते हैं। इसके लिए पहले सूजी, आलू और बेसन का घोल तैयार करके उसमें नमक, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट मिलाएं। अब इस घोल को छोटी-छोटी पापड़ियों के आकार में सेंक लें। इसके बाद इन पापड़ियों को दही में भिगो दें और ऊपर से मीठी चटनी, हरी चटनी, सेव और भुने हुए चने डालकर परोसें।

Advertisement

#3

दही के कबाब

दही के कबाब एक बेहतरीन स्टार्टर डिश है, जिसे आप किसी भी पार्टी या खास मौके पर बना सकते हैं। इसके लिए पहले दही को छानकर उसमें बेसन, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, धनिया पत्ती और नमक मिलाएं। अब इस मिश्रण को छोटे-छोटे कबाब के आकार में बना लें और उन्हें तवे पर तेल लगाकर सेंक लें। अंत में इन्हें हरी चटनी के साथ गर्मा-गर्म परोसें। आप इन्हें पराठे के साथ भी खा सकते हैं।

Advertisement

#4

दही भल्ला

इसे बनाने के लिए सबसे पहले उड़द की दाल को रातभर पानी में भिगोकर छोड़ दें। अगली सुबह उसमें अदरक, हरी मिर्च, हींग और नमक मिलाकर बारीक पीस लें। इसके बाद इस मिश्रण को थोड़ा-थोड़ा करके कढ़ाई में तलें। अब सारे भल्लों को पानी में डालें, फिर इन्हें निचोड़कर एक बड़े कटोरे में रख दें। आखिर में सभी भल्लों के ऊपर दही, हरी चटनी, इमली की चटनी, चाट मसाला और लाल मिर्च डालकर परोसें।

#5

दही सैंडविच

दही सैंडविच एक सेहतमंद नाश्ता है, जिसे आप शाम की चाय के साथ खा सकते हैं। इसके लिए पहले ब्रेड स्लाइस पर हरी चटनी और मक्खन फैलाएं। इसके बाद के कटोरे में दही के साथ ककड़ी, टमाटर और प्याज आदि जैसी सब्जियां मिलाएं। इस मिश्रण को ब्रेड पर रखें और ऊपर से दूसरी ब्रेड स्लाइस भी रख दें। अब सैंडविच को तवे पर मक्खन लगाकर सुनहरा होने तक सेंक लें और गर्मा-गर्म परोसें।

Advertisement