प्राकृतिक रूप से कोलेस्ट्रॉल के स्तर को संतुलित कर सकती हैं ये 5 आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां
क्या है खबर?
बढ़ता कोलेस्ट्रॉल दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है और इसके स्तर को नियंत्रित करने के लिए लोग कई उपाय अपनाते हैं। इन उपायों में दवाओं के साथ खान-पान भी शामिल होता है। हालांकि, अगर आप प्राकृतिक रूप से कोलेस्ट्रॉल के स्तर को संतुलित करना चाहते हैं तो इसके लिए कुछ आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों का सेवन किया जा सकता है। आइए आज हम आपको ऐसी ही कुछ जड़ी-बूटियों के बारे में बताते हैं।
#1
गिलोय
गिलोय एक ऐसी आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी है, जो कई पोषक तत्वों से भरपूर होती है। यह रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ शरीर से हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने में मदद कर सकती है। इसके अलावा गिलोय का सेवन कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है। लाभ के लिए गिलोय की डंडी को पानी में उबालकर उसका सेवन करें। यह कई रूपों में फायदेमंद हो सकता है।
#2
भृंगराज
भृंगराज का इस्तेमाल आयुर्वेदिक चिकित्सा में कई सालों से किया जाता आ रहा है। यह जड़ी-बूटी दिल को सेहतमंद रखने, रक्तचाप को नियंत्रित करने और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद कर सकती है। लाभ के लिए भृंगराज के पत्तियों का रस निकालकर रोजाना पीएं या फिर इसे चाय की तरह बनाकर पीएं। यह कई लाभ प्रदान कर सकता है।
#3
पुदीना
पुदीने में कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो कोलेस्ट्रॉल के स्तर को संतुलित रखने में मदद कर सकते हैं। इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम कर सकता है और अच्छे कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ा सकता है। लाभ के लिए पुदीने की पत्तियों को पानी में उबालकर उसका सेवन करें। आप चाहें तो पुदीने की चटनी को भी अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
#4
मेथी
मेथी में फाइबर और एंटी-ऑक्सीडेंट्स के साथ-साथ कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो कोलेस्ट्रॉल के स्तर को संतुलित रखने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा मेथी का सेवन ब्लड शुगर के स्तर को भी नियंत्रित कर सकता है। लाभ के लिए रोजाना खाली पेट मेथी के बीजों को पानी से धोकर खाएं या फिर मेथी के पत्तियों का जूस निकालकर उसका सेवन करें। यह कई स्वास्थ्य लाभ दे सकता है।
#5
हल्दी
हल्दी एक ऐसा मसाला है, जिसका इस्तेमाल भारतीय रसोई में रोजाना किया जाता है। हल्दी में सूजन को कम करने वाले और एंटी-ऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो शरीर से खराब कोलेस्ट्रॉल को बाहर निकालने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा हल्दी में करक्यूमिन नामक एक खास तत्व होता है, जो खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने का काम कर सकता है। लाभ के लिए एक गिलास गर्म दूध में एक चम्मच हल्दी पाउडर मिलाकर पीएं।