'वेलकम टू द जंगल' को लेकर अक्षय कुमार की अपील- रेटिंग स्टार नहीं, इमोजी साझा करें
क्या है खबर?
अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' अपनी रिलीज से सिर्फ एक कदम दूर है। अहमद खान द्वारा निर्देशित इस कॉमेडी ड्रामा में सुनील शेट्टी, परेश रावल, दिशा पाटनी, राजपाल यादव, अरशद वारसी और रवीना टंडन समेत कई सितारे हैं। फिल्म के गानों और ट्रेलर ने पहले से लोगों के बीच उत्साह का माहौल बना दिया है। निर्माता भी फिल्म की जबरदस्त ओपनिंग की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इस बीच, अक्षय ने लोगों से खास अपील की है।
अनुरोध
'रेटिंग स्टार की बजाए हंसी वाले इमोजी का करें इस्तेमाल'
फिल्म की रिलीज से पहले, अक्षय ने मजाक में आलोचकों और प्रभावशाली लोगों के लिए एक संदेश साझा किया। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'आलोचकों और इन्फ्लुएंसर्स से अनुरोध है कि वे स्टार रेटिंग की जगह हंसी वाले इमोजी का इस्तेमाल करें।' उनके कहने का मतलब साफ है कि उनकी फिल्म के लिए रेटिंग स्टार की जगह हंसी वाले इमोजी दिए जाएं। दरअसल, 'वेलकम टू द जंगल' दर्शकों को कॉमेडी और ड्रामे से लोटपोट कराने का वादा करती है।
फिल्म
'वेलकम' फ्रैंचाइजी की तीसरी कड़ी है 'वेलकम टू द जंगल'
'वेलकम टू द जंगल' के साथ अक्षय इस फ्रैंचाइजी में दोबारा से वापसी कर रहे हैं। साल 2007 में 'वेलकम' रिलीज हुई थी, जिसमें अभिनेता के साथ कैटरीना कैफ मुख्य किरदार में नजर आईं। फिर 2015 में 'वेलकम बैक' आई, जिसमें जॉन अब्राहम ने अक्षय को रिप्लेस किया। उनके साथ श्रुति हासन मुख्य किरदार में नजर आईं। अब तीसरी कड़ी के जरिए अक्षय फिर से वापसी कर रहे हैं। यह 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।