ऊर्जा स्तर को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं ये खाद्य पदार्थ, डाइट में करें शामिल
क्या है खबर?
शरीर को ऊर्जा देने के लिए कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और वसा की जरूरत होती है। अगर आप कुछ ऐसा खाते हैं, जो इन पोषक तत्वों में से एक या अधिक को संतुलित मात्रा में प्रदान करता है तो इससे शरीर को भरपूर ऊर्जा मिल सकती है। हालांकि, कई लोगों को ऊर्जा के लिए सही खाद्य पदार्थ चुनने में परेशानी होती है। आइए आज हम आपको 4 ऐसे खाद्य पदार्थों के बारे में बताते हैं, जो ऊर्जा को बढ़ाने में सहायक हैं।
#1
केला
केला प्राकृतिक शक्कर का एक अच्छा स्रोत होता है, जो शरीर को ऊर्जा प्रदान कर सकती है। इसके अतिरिक्त केले में मौजूद फाइबर शरीर में शक्कर को धीरे-धीरे रिलीज करने में मदद कर सकता है। इसके साथ ही इसमें मौजूद पोटेशियम मांसपेशियों के लिए फायदेमंद है और रक्तचाप को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है। लाभ के लिए रोजाना एक केला खाएं। यह शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है।
#2
बादाम
बादाम में भरपूर मात्रा में मैग्नीशियम पाया जाता है, जो मांसपेशियों के लिए ऊर्जा का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। इसके अतिरिक्त बादाम में कार्बोहाइड्रेट, वसा और प्रोटीन भी होती है, जो ऊर्जा देने में मदद कर सकते हैं। इसके सेवन से मांसपेशियों में होने वाली थकान और कमजोरी को दूर करने में भी मदद मिल सकती है। लाभ के लिए रोजाना 5-6 बादाम खाएं और उन्हें भिगाकर भी खाया जा सकता है।
#3
पालक
पालक आयरन, कैल्शियम, फाइबर, पोटेशियम और मैग्नीशियम जैसे जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होती है। ये पोषक तत्व मांसपेशियों को ऊर्जा देने के साथ-साथ शरीर में रक्त संचार को बेहतर बनाने में भी मदद कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त पालक में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट शरीर को ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाने में सहायक हो सकते हैं। लाभ के लिए पालक को सलाद या फिर किसी अन्य तरीके से अपनी डाइट में शामिल करें।
#4
चिया बीज
चिया बीज में प्रोटीन, फाइबर और ओमेगा-3 फैटी एसिड होते हैं, जो शरीर को भरपूर ऊर्जा देने में मदद कर सकते हैं। इसके साथ ही ये पोषक तत्व मेटाबॉलिज्म को भी बढ़ावा दे सकते हैं। चिया बीज में भरपूर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट होते हैं, जो शरीर को हानिकारक कणों से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद कर सकते हैं। लाभ के लिए रोजाना 1 चम्मच चिया बीजका सेवन करें। इसकी पुडिंग स्वाद में भी लाभदायक होती है।